Monday, 9th June 2025

कोरोना वायरस / पत्रकार की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार के कुछ मंत्रियों और कांग्रेस नेताओं ने खुद को किया क्वारेंटाइन, कुछ कर रहे घर पर आराम

Sat, Mar 28, 2020 6:25 PM

 

  • पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी बीते सात दिन से भोपाल में अपने निवास पर ही हैं, उन्होंने लोगों से मिलना-जुलना बंद कर दिया है
  • कमलनाथ सरकार में खेल मंत्री रहे जीतू पटवारी इन दिनों भोपाल में ही हैं, उन्होंने बताया कि बेंगलुरु से लौटने के बाद उन्होंने अपना टेस्ट कराया था

 

भोपाल। 20 मार्च को मुख्यमंत्री निवास पर हुई सीएम कमलनाथ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे पत्रकार केके श्रीवास्तव की कोरोना वायरस की जांच रिपोर्ट पॉजिटव आने के बाद पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार के अधिकांश मंत्रियों, कांग्रेस विधायकों और नेताओं ने अपने आपको क्वारेंटाइन कर लिया है। पूर्व मंत्री सचिन यादव ने तो ये जानकारी ट्वीट कर दी है।  

कमलनाथ की पत्रकार वार्ता के बाद पत्रकार केके श्रीवास्तव वहां मौजूद कांग्रेस के कई विधायकों से मिला था। और इसके बाद केके श्रीवास्तव विधानसभा भी गया और यहां सचिव से मुलाकात की। पत्रकार की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के भी क्वारेंटाइन होने की खबर आई। हालांकि पार्टी के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कमलनाथ के क्वारेंटाइन होने की खबर को भ्रामक बताया। कमलनाथ सरकार मे कृषि मंत्री रहे सचिन यादव ने शनिवार को कमलनाथ सरकार में पत्रकार की कोरोना वायरस के पॉजिटिव होने के बाद खुद को क्वारेंटाइन करने की जानकारी ट्वीट कर दी है। 

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी बीते सात दिन से भोपाल में अपने निवास पर ही हैं। उन्होंने लोगों से मिलना-जुलना बंद कर दिया है। घर पर किसी को आने की इजाजत भी नहीं है। उन्होंने अपने अॉफिस को लोगों को भी घर से ही काम करने कहा है। दिग्विजय सिंह के निज सचिव ओपी शर्मा ने बताया कि हालत को देखते हुए उन्होंने ये निर्णय लिया है। वे फोन पर पूरे प्रदेश का हाल ले रहे हैं। देश-विदेश में जहां भी प्रदेश के लोग परेशान हैं उनके पास इसकी जानकारी आ रही है। वे जिम्मेदार लोगों को फोन पर उनकी मदद करने कह रहे हैं। कुछ इसी तरह की सावधानी उनके बेटे कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे जयवर्धन सिंह बी बरत रहे हैं।  

कमलनाथ सरकार में खेल मंत्री रहे जीतू पटवारी इन दिनों भोपाल में ही हैं। उन्होंने बताया कि बेंगलुरु से लौटने के बाद उन्होंने अपना टेस्ट कराया था। रिपोर्ट निगेटिव आई है। उनकी दिनचर्या में कोई बदलाव नहीं आया है। सुबह करीब 40 मिनट एक्सरसाइज और दो किलोमीटर की दौड़ वे प्रतिदिन लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समय ही ऐसा है कि जितनी सावधानी बरती जाए उतना ही अच्छा है। मैं अपने परिवार के साथ पूरा समय बिता रहा हूं। इसी तरह पूर्व मंत्री आरिफ अकील ने भी अपने आपको क्वारेंटाइन कर रखा है। 

कांग्रेस की मीडिया प्रभारी शोभा ओझा ने भी अपने आपको क्वारेंटाइन कर लिया है। शोभा ओझा इंदौर में अपने घर पर हैं। वे 30 मार्च को पत्रकारों के लिए निर्धारित किए गए स्थान पर पत्रकारों से मिल रहीं थी। इस दौरान उन्होंने दिल्ली से आए कई पत्रकारों से देर तक बात की ओर भोपाल के जान पहचान वाले पत्रकारों से उनका हाल-चाल जाना। हालांकि उन्होंने अपने महिला आयोग के संवैधानिक पद पर होने के चलते किसी राजनीतिक माहौल पर चर्चा नहीं की। 

शोभा ओझा का कहना है कि वे इन दिनों इंदौर में अपने घर पर खुद को  क्वारेंटाइन कर लिया है। उनका कहना है कि पार्टी के अन्य विधायक और नेता भी सावधानी बरत रहे हैं। ज्यादा लोगों से तो फिलहाल उनकी बात नहीं हुई है, लेकिन उनकी जानकारी में ये बाद जरूर है कि विधायक और नेता फिलहाल अपने घर पर ही हैं। और वे फोन पर लोगों की मदद कर रहे हैं।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery