जोधपुर. शहर में बुधवार सुबह एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आई है। शहर के श्याम नगर में रहने वाली यह युवती शहर में दो दिन पूर्व पॉजिटिव पाए गए पति-पत्नी के साथ मुंबई से ट्रेन में जोधपुर आई थी। उनके संपर्क में आने के कारण इसे भी कोरोना हो गया। युवती का एम्स में इलाज किया जा रहा है। इस तरह अब शहर में चार जने कोरोना पीड़ित हो गए है। जबकि पाली के एक युवक का भी जोधपुर में ही इलाज किया जा रहा है।
शहर में पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए युवक के साथ तुर्की से लौटे उसके चाचा-चाची भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। शास्त्री नगर निवासी ये पति-पत्नी 15 मार्च को तुर्की से मुंबई लौटे थे। 17 मार्च को दोनों मुंबई से ट्रेन में जोधपुर के लिए रवाना हुए। प्रथम श्रेणी के कोच में इनके कूपे में जोधपुर की यह युवती भी सवार थी। रास्ते में संपर्क में आने के कारण यह भी कोरोना पीड़ित हो गई। पति-पत्नी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद दो दिन पूर्व चिकित्सा विभाग ने श्याम नगर स्थित युवती के मकान को सील कर दिया था। इसके परिवार के अन्य सदस्यों को पूरी तरह से आइसोलेट कर दिया गया। मंगलवार को युवती में कुछ लक्षण नजर आने पर एहतियात के तौर पर एम्स में भर्ती कर जांच की गई। आज सुबह उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब एम्स में उसका इलाज किया जा रहा है और उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
संयुक्त परिवार है युवती का
वहीं उसके परिजनों को पूरी तरह से आइसोलेट कर उनकी जांच की जा रही है। साथ ही पूरे क्षेत्र को सील कर वहां पर फोगिंग का काम शुरू किया जा रहा है। वहीं पूरे मोहल्ले में स्क्रीनिंग का काम शुरू किया गया है। युवती का परिवार काफी बड़ा है और सभी एकसाथ ही रहते है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मुंबई से लौटने के बाद युवती कितने लोगों के संपर्क में आई। अब परिजनों व युवती से बात कर इसकी जानकारी ली जा रही है।
शहर में अब पांच कोरोना मरीज
जोधपुर शहर में अब पांच कोरोना पॉजिटिव मरीज हो गए है। इनमें से तीन एक ही परिवार के लोग है। ये तीनों हाल ही तुर्की की यात्रा से लौटे थे। इनके संपर्क में आने वाली युवती चौथी मरीज है। जबकि पाली के ढोला गांव के एक युवक को यहां भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। यह युवक दुबई से लौटा था।
पांच संदिग्ध की जांच रिपोर्ट निगेटिव
इसके अलावा जोधपुर में मंगलवार को जांच रिपोर्ट निगेटिव आने व तबीयत सामान्य होने के बाद चार जनों को अस्पताल से घर भेज दिया गया, लेकिन उनको अपने घर में ही आइसोलेट रखा गया है। मंगलवार को पांच नए संदिग्ध मरीजों को भर्ती किया गया। इन सभी की जांच रिपोर्ट आज निगेटिव आई है।
Comment Now