Saturday, 7th June 2025

छत्तीसगढ़ में लॉकडाउन / निमोनिया के मरीजों की भी कोराना जांच शुरू, पीड़ित युवती की रिपोर्ट अब भी पॉजिटिव; सड़क पर थूकना बैन

Wed, Mar 25, 2020 6:32 PM

 

  • एम्स ने कहा- युवती की हालत ठीक, प्रदेश में 232 में से 182 की रिपोर्ट निगेटिव, बाकी की रिपोर्ट का इंतजार
  • सुबह बाजार खुलते ही फिर उमड़ी लोगाें की भीड़, सरकार ने कहा- चिंता न करें, जरूरी दुकानें खुली रहेंगी

 

रायपुर. कोरोना को लेकर लॉकडाउन का असर बुधवार को पूरे प्रदेश में देखा जा रहा है। लोग घरों में कैद हैं। कुछ जिलों में लोग जरूर बाहर निकले। जिसके चलते बाजारों में भीड़ के हालात हो गए। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। आवश्यक वस्तुओं के लिए दुकानें शाम 6 बजे तक खुली रहेंगी। इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने निमोनिया के मरीजों का भी कोरोना टेस्ट करना शुरू कर दिया है। प्रदेश में पहली बार सड़क पर थूकने को लेकर लोगों पर जुर्माना लगाया जा रहा है। 


युवती खतरे से बाहर, 10-12 दिन में आ सकती है रिपोर्ट निगेटिव
राजधानी की जिस युवती में 18 मार्च को कोरोना पाजिटिव था, मंगलवार को उसके सैंपल दोबारा जांचे गए, लेकिन कोरोना अब भी पाजिटिव है। हालांकि एम्स ने युवती की हालत बिल्कुल सामान्य बताई है। डॉक्टरों ने बताया कि वह खतरे से बाहर है, इसलिए उम्मीद है कि 10-12 दिन होने के बाद उसके सैंपल निगेटिव आ सकते हैं। 2 सैंपल नेगेटिव मिलने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। 


स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक 232 लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 182 निगेटिव पाए गए हैं। बाकी की जांच रिपोर्ट नहीं आई है। पिछले 24 घंटे में रायपुर से 39, महासमुंद-कोरबा के दो-दो लोगों को मिलाकर 50 सैंपल लिए थे। निमोनिया मरीजों की जांच को लेकर अफसरों ने बताया कि संक्रमण कम्यूनिटी में फैल रहा है या नहीं, इसलिए बतौर सावधानी यह टेस्ट किया जा रहा है। इसलिए सैंपल भी बढ़ गए हैं। 

सड़क पर थूकना बैन, पहली बार 30 लोगों पर जुर्माना
कोरोना का फैलाव रोकने के लिए रायपुर निगम प्रशासन ने सड़कों या सार्वजनिक जगहों पर थूकने पर प्रतिबंध लगा दिया है। मंगलवार को निगम ने कार्रवाई भी शुरू कर दी और 30 लोग निगम की अलग-अलग टीमों को हत्थे चढ़ गए। सभी से ढाई-ढाई सौ रुपए जुर्माना वसूला गया है। निगम की टीम ने शहर में अभियान छेड़ते हुए अगले कुछ दिन में जगह-जगह नो स्पिटिंग के बैनर-पोस्टर लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। 


गरियाबंद : ग्रामीणों ने खुद ही रास्ते सील किए

गरियाबंद में ओडिशा मार्ग से आवाजाही को देखते हुए ग्रामीणों ने बंद की सड़क।

ओडिशा से आने वाली कुछ छोटे रास्ते खुले हुए थे। जिनसे वाहनों की आवाजाही हो रही थी। इसे देखते हुए बुधवार सुबह ग्रामीणों ने रास्ते को खुद ही बंद कर दिया। वहीं मंगलवार देर रात देवभाेग टिकरापारा में एक डॉक्टर को बर्थडे पार्टी करते प्रशासन की टीम ने पकड़ा है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जिले में जरूरी सामनों की दुकानें तो खुली हैं, लेकिन सड़कें सूनी हैं। 


राजनांदगांव : बाजार में लोग उमड़े

राजनांदगांव में लोगों की सड़कों पर भीड़। कई जगह निर्माण कार्य भी चालू। 

जिले में सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सरकार और प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद लोग मानने को तैयार नहीं हैं। सुबह बाजार खुलते ही लोग उमड़ पड़े। गोलबाजार व अन्य स्थानों पर रोज की तरह ही भीड़ लगी हुई है। जबकि प्रशासन ने सुबह 7 से  दोपहर 12 बजे तक अनाज, दूध डेयरी, पेट्रोल पंप खुले रखने की घोषणा की है। 

रायगढ़ : लोग घरों में कैद, स्टील प्लांट किया गया सील

रायगढ़ में स्टील फैक्टी को सील करने की कार्रवाई करती जिला प्रशासन की टीम।

जिले में लोगों में कोरोना को लेकर जबरदस्त डर है। इसके चलते लाेग घरों में ही कैद हो गए हैं। जो निकल भी रहे हैं, वह जरूरत के लिए। वहीं लॉकडाउन और सरकार के आदेश के बावजूद ग्राम संबलपुरी स्थित मां शाकम्बरी स्टील प्लांट में कार्य चल रहा था। जिसके बाद उसे सील कर दिया गया है। 

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery