मुंबई. कोरोनावायरस फैलने के भय से देश के बाजार तेज गिरावट के साथ खुले। जिसके चलते शुरुआती आधा घंटे के अंदर ही बाजार में लोअर सर्किट लगाना पड़ा। बीएसई 10% या 2991.85 अंक नीचे गिरकर 26,924.11 पर पहुंच गया। इसी तरह, निफ्टी 9.63% या 842.45 पॉइंट नीचे 7,903 पर पहुंच गया। हालांकि, 45 मिनट बाद बाजार में ट्रेडिंग फिर से शुरू हुई तो गिरावट और बढ़ गई। अभी सेंसेक्स 3028.42 अंक गिरकर 26,887.54 पर और निफ्टी 914.50 पॉइंट नीचे 7,830.95 पर कारोबार कर रहा है। बता दें कि इससे पहले, 13 मार्च को भी बाजार में लोअर सर्किट लगा था। हालांकि, उस दिन रिकवरी भी हो गई थी।
लोअर सर्किट यानी, बाजार का बेहद बुरा वक्त
जुलाई 2001 की सेबी की गाइडलाइन के बाद सर्किट की शुरुआत हुई थी। भारतीय शेयर बाजार में अचानक आए बड़े उतार-चढ़ाव को थामने करने के लिए सर्किट लगाया जाता है। ये दो तरह के होते हैं। अपर सर्किट और लोअर सर्किट। अपर सर्किट तब लगाया जाता है, जब बाजार एक तय सीमा से ज्यादा बढ़ जाता है। और जब उसी सीमा से ज्यादा घटता है तो लोअर सर्किट का इस्तेमाल किया जाता है। सेबी ने सर्किट के लिए तीन ट्रिगर लिमिट 10%, 15% और 20% तय की हैं। यानी उस वक्त बाजार जितने पर है, उसका 10%, 15% और 20% घटने-बढ़ने पर सर्किट लगता है। शुक्रवार को बाजार में तेज गिरावट के बाद सेंसेक्स में लोअर सर्किट लगाया था।
10 दिन में दूसरी बार सेंसेक्स में लोअर सर्किट लगा
बाजार के मार्केट कैप में 10 लाख करोड़ रुपए की कमी
सेंसेक्स में तेज गिरावट के कारण बीएसई में लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में 10 लाख करोड़ रुपए की कमी आ गई है। शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद मार्केट कैप 116.09 लाख करोड़ रुपए था, जो अब घटकर 105.91 लाख करोड़ रुपए पर आ गया है।
रुपया पहली बार 76 के नीचे फिसला
डॉलर के मुकाबले रुपया 75.69 पर खुला और कुछ ही देर में 76 के नीचे फिसल गया। यह अब तक का सबसे निचला स्तर है।
शुक्रवार को बाजार में तेजी रही थी
सरकार और आरबीआई द्वारा उठाए गए कदमों के कारण शुक्रवार को देश के बाजार बढ़त में बंद हुए थे। सेंसेक्स 1627.73 अंक की बढ़त के साथ 29,915.96 अंकों पर और निफ्टी 482.00 पॉइंट बढ़कर 8,749.70 अंकों पर बंद हुआ था। वहीं अमेरिकी बाजारों में गिरावट रही थी। डाउ जोंस 913 अंकों की गिरावट के साथ 19,174 पर बंद हुआ था। इसी तरह नैस्डैक कंपोजिट 271 अंक गिरकर 6,879.52 पर बंद हुआ था। एसएंडपी 104 अंक गिरकर 2,304.92 पॉइंट पर रहा।
तेल कंपनियों के शेयरों में 8.5% तक नुकसान
लॉकडाउन की वजह से पेट्रोल-डीजल की खपत घटेगी। इस डर से निवेशक तेल कंपनियों के शेयर बेच रहे हैं।
कंपनी | शेयर में गिरावट |
बीपीसीएल | 8.41% |
हिंदुस्तान पेट्रोलियम | 6.43% |
इंडियन ऑयल | 4.23% |
बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में 12% तक गिरावट
एक्सिस बैंक | 12.72% |
आईसीआईसीआई बैंक | 11.80% |
एसबीआई | 6.99% |
बैंक ऑफ बड़ौदा | 6.17% |
कोटक महिंद्रा बैंक | 6.15% |
पीएनबी | 4.97% |
इप्ला लैब्स के शेयर में 18% तेजी
बाजार की गिरावट के विपरीत कुछ फार्मा कंपनियों के शेयरों में तेजी आई है। इप्का लैब्स का शेयर 18% चढ़ गया। शुक्रवार को भी करीब 8.5% की तेजी आई थी। डॉ. पैथ लैब्स के शेयर में भी 3% बढ़त देखी जा रही है।
Comment Now