Saturday, 13th September 2025

एमपी में कोरोना की दस्तक / जबलपुर में 4 संक्रमित मिले, विदेश से लौटने की जानकारी छिपाने पर केस दर्ज; नरसिंहपुर 14 और जबलपुर-सिवनी 2 दिन के लिए लॉकडाउन

Sun, Mar 22, 2020 1:11 AM

 

  • सराफा व्यापारी समेत परिवार के 3 सदस्य दुबई से लौटे थे, चौथा मरीज स्विट्जरलैंड से आया जबलपुर लौटा है
  • जबलपुर में कोरोना संक्रमित सराफा व्यापारी पर केस, उसके 17 कर्मचारी आइसोलेट; सतना से जुड़ी यूपी की सीमा सील

 

भोपाल/जबलपुर/शिवपुरी/भिंड. मध्य प्रदेश के जबलपुर में शुक्रवार को कोरोनावायरस के 4 संक्रमित मिले। इनमें सराफा व्यापारी और उनके परिवार के 2 लोग शामिल हैं, जो हाल ही में दुबई से मुंबई आए थे। रेल मंत्रालय के मुताबिक, तीनों लोग मुबंई एयरपोर्ट पहुंचने के बाद गोदान एक्सप्रेस से जबलपुर लौटे थे। विदेश यात्रा की जानकारी छिपाने के आरोप में इनके खिलाफ शनिवार को केस दर्ज किया गया। इसके अलावा चौथा मरीज स्विट्जरलैंड से लौटा है। सभी मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।

जबलपुर में पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है। जबलपुर और इससे सटे सिवनी जिले को एहतियातन 2 दिन के लिए लॉकडाउन कर दिया है। वहीं, नरसिंहपुर भी 14 दिन यानी 5 अप्रैल तक लॉकडाउन रहेगा। सतना में उत्तर प्रदेश से लगी सीमा सील की गई है। चारों जिलों में उन्हीं लोगों को प्रवेश दिया जाएगा, जो यहां के मूल निवासी हैं। अधिकारी उन लोगों की सूची तैयार करने में जुटे हैं, जो कोरोना मरीजों के संपर्क में आए हैं। वहीं, 18 मार्च को दुबई से शिवपुरी लौटे एक व्यक्ति की स्क्रीनिंग कराई गई है। वह सर्दी और खांसी से पीड़ित है।

मध्य प्रदेश के शहरों का हाल

भोपाल: राजधानी में भी लॉकडाउन जैसी स्थिति है। रविवार को जनता कर्फ्यू से पहले शहर के सभी मॉल में जरूरी चीजों की खरीदारी के लिए 50 से ज्यादा लोगों की एंट्री पर बैन लगाया गया है। स्क्रीनिंग के साथ ही टोकन देकर ही अंदर जाने दिया जा रहा है। इससे पहले भोपाल कलेक्टर तरुण पिथोड़े ने शहर के सभी रेस्तरां, भोजनालय, ढाबे, पब, अहाते, सड़क किनारे खाने-पीने की दुकानें शुक्रवार रात से अगले आदेश तक बंद करने के निर्देश दिए थे।

जबलपुर: जबलपुर और सिवनी में 21 मार्च दोपहर 12 बजे से 23 मार्च सुबह 6 बजे तक के लिए लॉकडाउन किया गया। इसके तहत किसी भी व्यक्ति को घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं होगी। जिले की सभी सीमाएं सील की गईं हैं। किसी भी माध्यम सड़क, रेल से बाहरी लोगों के आवागमन पर रोक है। जिले के नागरिकों पर भी इसी तरह का प्रतिबंध है। शासकीय, अर्द्धशासकीय कार्यालय बंद किए गए हैं। अत्यावश्यक सेवा वाले विभाग राजस्व, स्वास्थ्य, पुलिस, विद्युत, दूरसंचार, नगरपालिका, पंचायत आदि इससे मुक्त रहेंगे। मेडिकल स्टोर और हॉस्पिटल को छोड़कर अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। पुलिस ने सफारा व्यापारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि व्यापारी की लापरवाही की वजह से परिवार के अन्य लोग संक्रमित हुए। शहर के लोगों की भी जान जोखिम में डाली।

जबलपुर में बाजार में दुकानें पूरी तरह से बंद हैं और सन्नाटा है। 

यहां पर रहेगी शिथिलता 

  • इमरजेंसी ड्यूटी वाले शासकीय कर्मचारी केवल ड्यूटी के प्रयोजन से लॉकडाउन प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे, लेकिन इनको अपने साथ आईकार्ड रखना अनिवार्य होगा।
  • घर-घर जाकर दूध बांटने वाले दूध विक्रेता, न्यूज पेपर हॉकर सुबह 6.30 बजे से 9.30 बजे तक लॉकडाउन प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे।
  • अत्यावश्यक वस्तुओं खाद्य सामग्री, फल सब्जी की दुकानें दोपहर 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक खुली रहेंगी।
  • प्रतिबंध से मुक्त और पास के लिए आवेदन केवल वॉट्सएप और ईमेल से प्राप्त किए जाएंगे।
  • आवेदन के साथ समुचित दस्तावेज लगाना अनिवार्य होगा। आवेदन dmseoni@gmail.com पर भेजना होगा। 

नरसिंहपुर: जिले को 14 दिन के लिए लॉकडाउन किया गया है। शनिवार रात 12 बजे से 5 अप्रैल तक लॉकडाउन रहेगा। धारा 144 लागू कर दी गई है। कलेक्टर दीपक सक्सेना ने कहा है कि किसी भी व्यक्ति को अपने घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं होगी।

इंदौर: नगर निगम ने शनिवार से ड्रोन से वायरस नाशक बायो कैमिकल छिड़काव की शुरुआत की। अब तक देश में संभवतः पहली बार यह प्रयोग होगा। इससे पहले ऐसा प्रयोग चीन में हो चुका। मंडी, बाजारों, प्रमुख सड़कों पर छिड़काव किया जाएगा। 2 ड्रोन शहर के भीड़भरे इलाकों में छिड़काव करेंगे। इन ड्रोन को नगर निगम ने निजी कंपनी से किराए पर लिया है। ड्रोन 16 लीटर कैमिकल लेकर लगभग 30 मिनट तक उड़ान भरेगा। इससे 8 से 10 किमी क्षेत्र में छिड़काव हो सकेगा।

मुरैना: मुरैना में विदेश यात्रा से लौटे 3 लोगों की स्वास्थ्य विभाग जांच कर रहा है। ये तीनों लोग फरवरी और मार्च महीने में ब्राजील, मलेशिया और अमेरिका से लौटे हैं। प्रशासन ने कोरोना के चलते जिले में अलर्ट जारी किया है।

उज्जैन: ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में शनिवार से श्रद्धालुओं का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित किया है। आदेश 31 मार्च तक के लिए प्रभावित रहेगा। इससे पहले रोजाना सुबह 4 बजे होने वाली भस्मारती में श्रद्धालुओं का प्रवेश रोका गया‌ था, मगर दर्शन व्यवस्था चालू थी।

मंदसौर: भगवान पशुपतिनाथ मंदिर सभी दर्शनार्थियों के लिए बंद कर दिया गया है। मंदिर में सिर्फ पुजारी ही पूजा करेंगे। बाकी भगवान के दर्शन सोशल मीडिया के जरिए लाइव होंगे।

राजगढ़: कोरोनावायरस से बचाव के लिए राजगढ़ कलेक्टर निधि निवेदिता ने कदम उठाए हैं। उन्होंने जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के कर्मचारियों के लिए एक रोस्टर तैयार किया है, जिसमें 50% कर्मचारी ऑफिस आकर ड्यूटी करेंगे और 50 अल्टरनेट दिवस पर काम करेंगे।

राजगढ़ कलेक्टर ने कर्मचारियों का ड्यूटी समय निर्धारित किया।

भिंड: यहां मुर्गियों में वर्ल्ड फ्लू की पुष्टि के बाद कौओं का मरना जारी है। प्रशासन द्वारा पक्षियों की सर्चिंग की जा रही है। पक्षियों को डिस्ट्रॉय करने वाली टीम ने सुरक्षा को देखते हुए टेमीफ्लू की दवा खिलाई है। भिंड जिला प्रसासन ने पशु चिकित्सा विभाग की टीम का गठन किया है और उनके मोबाइल नंबर जारी किए हैं।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery