नई दिल्ली. कोरोनावायरस का संक्रमण देश में गंभीर होता जा रहा है। देश में शनिवार को ही 49 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 13 नए संक्रमित महाराष्ट्र में मिले हैं। अब राज्य में 64 और देशभर में 301 संक्रमित हैं। हालांकि, इनमें 269 अस्पताल में भर्ती हैं, 23 ठीक हो चुके हैं और चार की मौत हुई है। उधर, दिल्ली मेट्रो सोमवार को सुबह 10 बजे से 4 बजे तक बंद रहेगी। सभी लाइनों पर मेट्रो सेवाएं फिर 4 बजे शुरू होगी और रात के 8 बजे तक जारी रहेगी।
मध्यप्रदेश के जबलपुर में भी चार मामले सामने आ चुके हैं। इसके बाद जबलपुर और सिवनी को दो दिन और नरसिंहपुर को 14 दिनों के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है। इस बीच, बेंगलुरु से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में मेंडेटरी क्वारैंटाइन स्टैंप वाले दो यात्री सफर करते मिले। उन्हें तुरंत ट्रेन से उतारकर पूरे कोच को सैनिटाइज किया गया।
अपडेट्स...
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को कोरोना को लेकर फार्मास्युटिकल सेक्टर एसोसिएशन के सदस्यों से वीडियो कान्फ्रेंस से बात की।
दिल्ली में 50% बसें नहीं चलेंगी: केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में 50% बसे जनता कर्फ्यू के दिन नहीं चलेंगी। पांच से ज्यादा लोग एक जगह जमा नहीं हो सकेंगे। अगर वे जमा भी होंगे तो कम से कम एक मीटर की दूरी बनाए रखेंगे। इससे पहले केजरीवाल सरकार ने 20 लोगों के एक जगह इकट्ठा होने पर रोक लगाई थी। अगर आपको बचाने के लिए जरूरत पड़ी तो लॉकडाउन भी किया जा सकता है, लेकिन इसकी जरूरत अभी नहीं है।
मुंबई के चर्चगेट पर खरीदारी के लिए लाइन में लगे लोग।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से फर्जी सूचनाएं और भ्रामक तथ्यों को हटाएं
इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सोशल मीडिया को लेकर एडवायजरी जारी की है। इसके मुताबिक, सभी कंपनियों को तत्काल प्रभाव से अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म से सभी तरह की फर्जी सूचनाएं और भ्रामक तथ्यों को हटाने का आदेश दिया गया है। यूजर्स को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है। अगर कोई यूजर फेक न्यूज या फेक तथ्यों को शेयर या पोस्ट करते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वह कोरोनावायरस को लेकर लोगों में जागरूकता लाने में सरकार की मदद करें। अगर लगता है कि कोई भ्रामक सूचनाएं फैला रहा है तो उसे सही जानकारी दें और ऐसी भ्रामक सूचना को आगे फैलने से रोकें।
आईसीएमआर की नई गाइडलाइन
आईसीएमआर के नए दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि जो लोग संक्रमित और ज्यादा जोखिम वालों के सीधे संपर्क में रहे हैं, उन्हें संपर्क में आने के दिन से 5वें और 14वें दिन परीक्षण करवाना चाहिए।
राष्ट्रपति का भी टेस्ट होगा
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का भी आज कोरोना टेस्ट करवाया जाएगा। दरअसल, उन्होंने हाल ही में राष्ट्रपति भवन में ब्रेकफास्ट की मेजबानी की थी, जिसमें कोरोना संदिग्ध सांसद दुष्यंत सिंह भी शामिल हुए थे। इससे पहले दुष्यंत सिंगर कनिका कपूर की पार्टी में शामिल हुए थे, जो पॉजिटिव पाई गई हैं। राष्ट्रपति ने अपने सभी नियमित कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।
हैदराबाद में तेलंगाना आपदा प्रबंधन बल के डायरेक्टर विश्वजीत कमपति सदस्यों को हालात से निपटने के लिए जरूरी निर्देश देते हुए।
सोनू निगम दुबई से अभी नहीं लौटेंगे
गायक सोनू निगम परिवार के साथ दुबई में हैं। उन्होंने अभी वहीं रुकने का फैसला किया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, कोरोना से सुरक्षित रहने के लिए सोनू और उनकी फैमिली ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। उन्होंने कहा कि हालात सामान्य होने से पहले वे भारत नहीं लौटेंगे, क्योंकि में बचाव के काम में लगे लोगों को और मुश्किल में नहीं डालना चाहते। सोनू का बेटा निवान दुबई में पढ़ता है, जहां सारे स्कूल बंद हैं।
लंबी दूरी की यात्रा करने वाले मुसाफिर मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनस स्टेशन पर गाड़ी का इंतजार करते हुए।
अमेरिका ने भारत की कोशिशों को सराहा
अमेरिकी रक्षा मंत्री मार्क एस्पर ने भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से फोन पर बात की है। उन्होंने सार्क देशों में कोरोनावायरस रोकने की भारत की पहल को सराहा है। वॉशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रहने वाले भारतीयों के लिए एडवायजरी जारी की है और उन्हें घरों में ही रहकर जरूरी नियमों का पालन करने को कहा है।
अमृतसर में शहीद मदनलाल ढींगरा अंतरराज्यीय बस स्टैंड से बसों का संचालन बंद कर दिया गया है।
राज्यों के हाल
गुजरात: मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने कहा- अगर राज्य में कोरोनावायरस से लड़ने के लिए राजकोट, बड़ौदा, अहमदाबाद और सूरत में अलग-थलग संक्रमण नियंत्रण अस्पताल बनाए जाएंगे। ये अस्पताल 2-3 दिन में बनकर तैयार हो जाएंगे।
ओडिशा: मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि कोरोनावायरस की वजह से एक सप्ताह के लिए राजधानी भुवनेश्वर समेत ओडिशा के 40% हिस्से को बंद कर दिया गया है। इसमें 5 जिले और 8 प्रमुख शहर शामिल हैं। विदेश से लौटें कुल 3200 में से 70% लोग इन जिलों के हैं।
जम्मू-कश्मीर: जम्मू-श्रीनगर वक्फ बोर्ड ने मस्जिदों समेत धार्मिक स्थलों में समूह में प्रार्थना करने पर रोक लगाई।
महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के चार शहरों- मुंबई, नागपुर, पुणे और पिंपरी चिंचवड़ को लॉकडाउन कर दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा है कि जरूरी सेवाओं के लिए काम करने वालों को लोकल ट्रेन और बसो में जाने की अनुमति है। इसके लिए उन्हें अपना आईडी कार्ड दिखाना होगा। गोवा और महाराष्ट्र के बीच यात्री वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। कोरोनावायरस का फैलाव कम करने के उद्देश्य से सरकारी दफ्तरों को एयर कंडीशनर कम चलाने या पूरी तरह बंद करने को कहा गया है।
मध्यप्रदेश: भोपाल में भी लॉकडाउन जैसी स्थिति। यहां पर मॉल्स में जरूरी चीजों की खरीदारी करने के लिए 50 लोगों से ज्यादा की एंट्री पर बैन लगा दिया गया है। सभी की स्क्रीनिंग के साथ ही टोकन देकर ही अंदर घुसने दिया जा रहा है। राज्य में शुक्रवार को पहली बार कोरोना संक्रमण का मामला सामने आया। यहां जबलपुर में चार मरीज मिले हैं। इनमें से एक जर्मनी और तीन दुबई से लौटे थे।
राजस्थान: राज्य में शनिवार को जयपुर में 1 और भीलवाड़ा में 5 मामले सामने आए। इससे पहले शुक्रवार को आठ केस मिले थे। इनमें भीलवाड़ा के छह और जयपुर के दो मरीज थे। भीलवाड़ा में संक्रमित होने वाले छह लोगों में से तीन डॉक्टर और तीन कंपाउंडर हैं।
कर्नाटक: राज्य में कोरोनावायरस के तीन नए मामले सामने आए। यहां अब कुल पॉजिटिव केस 18 हो गए हैं। उपमुख्यमंत्री सीएन अश्वथ नारायण ने कहा कि प्रदेश में आईटी कंपनियां अपने ऑफिस बंद करने और वर्क फ्रॉम होम की इजाजत देने को तैयार हैं।
पंजाब: मोहाली में ब्रिटेन से लौटे एक व्यक्ति को संक्रमित पाया गया। राज्य में संक्रमितों की संख्या चार हुई।
उत्तराखंड: देहरादून के मजिस्ट्रेट आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि राजपुर की फोर पॉइंट होटल तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई है। यहां ठहरी एक महिला संक्रमित पाई गई है।
उत्तरप्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के 15 लाख दिहाड़ी मजदूरों और निर्माण कार्य में लगे 20 लाख 37 हजार मजदूरों को 1-1 हजार रुपए की मदद का ऐलान किया है, ताकि वे अपनी रोजमर्रा की जरूरतों का सामान जुटा सकें। गोरखपुर का गोरखनाथ मंदिर 31 मार्च तक और वाराणसी का संकटमोचन हनुमान मंदिर 25 मार्च तक बंद कर दिया गया।
हिमाचल: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांगड़ा जिले में दो लोगों में कोरोनावायरस से संक्रमण की पुष्टि की है। नेपाल और इजराइल के 35 पर्यटक मंडी जिले से लौटाए गए। वे मनाली जा रहे थे। सुरेंद्रनगर के एसडीएम ने बताया कि शुक्रवार को आठ सैलानी शिमला लौटाए गए थे।
केरल: राज्य में शुक्रवार को संक्रमण के सबसे ज्यादा 17 मामले सामने आए। इनमें कोच्चि में पांच ब्रिटिश नागरिक और एर्नाकुलम में पांच, कासरगोड में छह और पलक्कड़ में एक भारतीय नागरिक संक्रमित मिले। कासरगोड में 21 मार्च से सभी सरकारी और निजी कार्यालयों को एक हफ्ते के लिए बंद कराया गया। शहर में ग्रॉसरी और मेडिकल शॉप को छोड़कर बाकी दुकानें सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रहेंगी। कोच्चि मेट्रो 22 मार्च से बंद की जा रही है। केरल हाईकोर्ट ने शराब की ऑनलाइन बिक्री की मांग वाली याचिका शुक्रवार को खारिज कर दी। याचिकाकर्ता का कहना था कि भीड़ कम करने के लिए ऐसा करना बेहतर होगा।
प.बंगाल: पश्चिम बंगाल में स्कॉटलैंड से महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई। राज्य में कोरोनावायरस का यह तीसरा मामला है। लोक सेवा आयोग ने 21 मार्च से 5 अप्रैल के बीच सभी लिखित परीक्षाएं रद्द कीं। फायर ऑपरेटर के लिए 23 मार्च को होने वाली शारीरिक परीक्षा भी स्थगित की गई।
अहमदाबाद में एक एनजीओ के कर्मचारी मास्क बनाने में जुटे हैं। वे इन्हें मुफ्त में बांट रहे हैं।
खुर्शीद ने कहा- फिलहाल एनपीआर और सीएए पर रोक लगे
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा है कि सरकार को कोरोनावायरस संकट को देखते हुए नेशनल पॉपुलेशन रजिस्टर (एनपीआर) और नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) तीन महीने के लिए टाल देना चाहिए।
श्रीनगर में आज भी बाजार बंद रखे गए हैं।
मोदी ने कोरोनावायरस फंड में मदद के लिए नेपाल और भूटान को सराहा
नेपाल ने कोरोनावायरस के लिए बनाए गए सार्क देशों के फंड में 10 करोड़ नेपाली रुपए और भूटान ने एक लाख डॉलर की मदद दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और भूटान के प्रधानमंत्री डॉ. लोते शेरिंग की सराहना की है।
हिमाचल में नेपाल और इजराइल से आए 35 पर्यटक मंडी जिले से लौटाए गए। वे मनाली जा रहे थे।
ये भी पढ़ें...
Comment Now