भोपाल. कोरोनावायरस के खतरे की वजह से बजट सत्र टालने की अटकलों के बीच कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बयान आने शुरू हो गए हैं। भाजपा नेता और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सरकार पर तंज कसा है। मिश्रा ने कहा- ये करोना नहीं डरो-ना है। कमलनाथ सरकार डरी हुई है, उनके विधायकों ने साथ छोड़ दिया है। जब लोकसभा चल रही है तो फिर विधानसभा क्यों नहीं चल सकती है? कैबिनेट बैठक होने के सवाल कहा- कमलनाथ सरकार कैसा स्वांग कर रही है, अभी पता चला कि कैबिनेट मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है, फिर कैबिनेट की बैठक कैसे हो रही है? कांग्रेस ऊहापोह की स्थिति में है, चला-चली की बेला है। फ्लोर टेस्ट कराने के सवाल पर नरोत्तम ने कहा- हम इंतजार कर रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने सिंधिया के भाजपा में शामिल हाेने के सवाल पर कहा- वे कांग्रेस के नेता थे, ये सारी दुनिया जानती है। चुनाव में सबसे ज्यादा सभाएं कांग्रेस की ओर से सिंधिया ने की। सरकार बनाने में सिंधिया की बड़ी भूमिका रही है, लेकिन उन्हें दूध में गिरी मक्खी की तरह कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने निकाल दिया। चपरासी भी आत्मसम्मान का भूखा होता है। जब इतने बड़े नेता का अपमान करेंगे तो परिणाम ऐसा ही आएगा।
कोरोना की वजह से बजट सत्र पर खतरा है : गोविंद सिंह
संसदीय कार्यमंत्री गोविंद सिंह ने कहा- स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट आती है तो बजट सत्र को टाल सकते हैं। हालांकि, अब तक सब ठीक है और हमें कोरोना को लेकर कोई ऐसी रिपोर्ट नहीं आई है। स्वास्थ्य विभाग की राय ले रहे हैं क्योंकि लोगों की जान बचाना ज्यादा जरूरी है। जहां तक बजट सत्र की बात है तो वह पहले से तय है। 16 मार्च को राज्यपाल का अभिभाषण और पूरा कार्यक्रम तय है। कांग्रेस की विचारधारा लोकतांत्रिक है। हम बिना खरीद-फरोख्त करने वाले हैं।
सत्ता लोलुपता और खरीद-फरोख्त का काम बाद में हो जाएगा : भनोट
वित्त मंत्री तरुण भनाेट ने कहा- ये राजनीतिक घटनाक्रम बाद में भी हो सकता है। सत्ता लोलुपता और राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं बाद में पूरी हो जाएंगी। प्रतिनिधि इसलिए बनते हैं कि लोगों की सेवा करेंगे। राजनीतिक बयानबाजी, ओछे आरोप और खरीद-फरोख्त का काम बाद में भी हो सकता है। कोरोनावायरस को किस तरह से रोका जाए, सभी राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से सहयोग की मांग करता हूं। विधायकों की जांच पर कहा- भगवान उन्हें स्वस्थ रखे। वो यहां पर आएंगे तो हम उनकी जांच कराएंगे और कमलनाथ सरकार उनके स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखेगी।
पीसी शर्मा ने कहा- बेंगलुरू गए विधायक हमारे साथ हैं
जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि कमलनाथ सरकार पूरे 5 साल चलेगी। कार्यकाल पूरा करने के बाद सरकार फिर से जीतकर प्रदेश में आएगी। बेंगलुरु में मौजूद विधायक कांग्रेस के साथ हैं। उनके बीच लड़ाई है कि वे भाजपा में नहीं जाएंगे। शर्मा नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी करने पहुंचे थे।
Comment Now