भोपाल। मध्य प्रदेश में सियासी पारा उफान पर है। कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया दोपहर बाद भोपाल आ रहे हैं। स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर में बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए हैं। वहीं भाजपा कार्यालय को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। पॉलिटेक्निक चौराहे पर सिंधिया को पोस्टर फाड़े जाने की खबर है। इधर, राज्यपाल लालजी टंडन दोपहर तक लखनऊ से भोपाल आने की सूचना है।
सिंधिया के भाजपा में शामिल होने को यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारी की गई है। स्वागत के लिए पूरे शहर को होर्डिंग और बैनर से पाट दिया गया है।
भाजपा और आरएसस के बड़े नेता पूरी तैयारियों पर नजर रखे हुए हैं। बताया जा रहा है कि सिंधिया दो बजे के करीब विशेष विमान से स्टेट हैंगर पहुंचेंगे। यहां से एक बड़े जुलूस की शक्ल में उनका काफिला शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ अरेरा कॉलोनी स्थित भाजपा कार्यालय दीनदयाल परिसर पहुंचेगा। यहां उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। सिंधिया कार्यालय प्रांगण में राजमाता विजयाराजे सिंधिया, कुशाभाऊ ठाकरे और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यापर्ण करेंगे। भाजपा कार्यालय में ही वे कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। बुधवार रात सिंधिया के स्वागत के तैयारियों को लेकर जिला भाजपा की एक बैठक आयोजित की गई थी। दूसरी बैठक गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में होने जा रही है। जिसमें प्रदेश के सभी बड़े नेता मौजूद रहेंगे।
LIVE अपडेट्स
Comment Now