Sunday, 8th June 2025

मध्य प्रदेश / कांग्रेस का दावा- भाजपा ने 9 विधायकों को गुड़गांव के होटल में बंधक बनाया; मंत्री जयवर्धन बोले- हमारे सभी 6 एमएलए लौटे

Wed, Mar 4, 2020 5:36 PM

 

  • मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा- हॉर्स ट्रेडिंग का दावा सच्चा, लेकिन कांग्रेस सरकार स्थिर है 
  • मंगलवार सुबह दिग्विजय सिंह का ट्वीट- कांग्रेस विधायकों को दिल्ली ला रही है भाजपा
  • शाम को अचानक भाजपा उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह दिल्ली चले गए थे
  • कांग्रेस ने विधायकों को वापस लाने के लिए 2 मंत्रियों को गुड़गांव भेजा, आज प्रेस कॉन्फ्रेंस

 

भोपाल/नई दिल्ली. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा भाजपा पर लगाए गए हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों पर मध्य प्रदेश में सियासी घमासान छिड़ा हुआ है। मंगलवार देर रात कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा ने कांग्रेस के 6, बसपा के 2 (एक निलंबित) और एक निर्दलीय विधायक को गुड़गांव के आईटीसी मराठा होटल में बंधक बनाया। इसबीच रात में ही भोपाल से मंत्री जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह को दिल्ली भेजा गया। पटवारी ने भास्कर को बताया कि हम होटल पहुंचते, तब तक सभी विधायक किसी अज्ञात स्थान पर शिफ्ट किए जा चुके थे। सिर्फ रामबाई होटल के बाहर मिलीं। रात करीब 2 बजे कुछ विधायक होटल से अपना सामान लेकर बाहर निकलते देखे गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब विधायकों को बेंगलुरु भेजा गया है। मुख्यमंत्री कमलनाथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से चर्चा के लिए दिल्ली रवाना हुए। हॉर्स ट्रेडिंग को लेकर कांग्रेस आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी।

दिग्विजय ने मंगलवार सुबह ट्वीट कर आरोप लगाया था कि भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह विधायक रामबाई (बसपा से निलंबित) को अपने साथ चार्टर्ड प्लेन से लेकर दिल्ली पहुंचे हैं। इसके बाद शाम को भाजपा उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के दिल्ली पहुंचने से सियासी पारा और चढ़ गया। दिग्विजय भी होटल गए, लेकिन उन्हें वहां कोई नहीं मिला। उन्होंने कहा, ''भाजपा नेता रामपाल सिंह, नरोत्तम मिश्रा, अरविंद भदौरिया, संजय पाठक विधायकों को पैसे बांटने के लिए जा रहे थे। मुझे लगता है कि होटल में 10-11 विधायक होंगे। सिर्फ 4 उनके (भाजपा) साथ हैं। हमारे सभी 6 विधायक लौटने को तैयार हैं। बिसाहूलाल सिंह और रामबाई से भी संपर्क साधा गया। दोनों लौटना चाहते हैं, लेकिन भाजपा उन्हें रोक रही है।''

जयवर्धन ने कहा- कांग्रेस के सभी 6 विधायक लौटे

जीतू पटवारी ने कहा- ''भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर लोगों में डर फैलाना चाहती है। नरेंद्र मोदी ने अलग तरह की राजनीति की बात कही थी। विधायकों को खरीदने के लिए 30-35 करोड़ रुपए का लालच दिया गया है। हम जब होटल में गए तो एक नरोत्तम मिश्रा एक विधायक को तो जबरन उठाकर ले गए। इस पूरे घटनाक्रम के मास्टरमाइंड शिवराज सिंह हैं।'' जयवर्धन सिंह ने दावा किया- कांग्रेस के सभी 6 विधायक लौट आए हैं।

इन विधायकों के होटल में होने की पुष्टि

  • रामबाई (बसपा), पथरिया
  • बिसाहूलाल (कांग्रेस), अनूपपुर
  • हरदीप सिंह (कांग्रेस), सुवासरा
  • सुरेंद्र सिंह शेरा (निर्दलीय), बुरहानपुर
  • संजीव कुशवाहा (बसपा), भिंड
  • ऐंदल सिंह कंसाना (कांग्रेस), सुमावली

मंगलवार का सियासी घटनाक्रम

  • शिवराज शाम को दिल्ली चले गए, वहां भूपेंद्र और नरोत्तम पहले से ही थे।
  • गुड़गांव के एक होटल में करीब 9 विधायकों को भाजपा ने रुकवाया था।
  • भनक लगते ही मंत्री जीतू पटवारी और जयवर्धन दिल्ली रवाना हुए।
  • जब तक दोनों होटल पहुंचे, सभी विधायक कहीं और भेज दिए गए।
  • पटवारी ने भास्कर को बताया- उन्हें होटल के बाहर सिर्फ रामबाई मिलीं।
  • दिग्विजय ने बताया- 5 विधायकों को होटल में बंधक बना लिया है।

भाजपा ने विधायकों को बंधक बनाया, उम्मीद है कि सभी लौटेंगे: दिग्विजय
विधायकों को एकत्रित करने की सूचना मिलने पर दिग्विजय भी होटल पहुंच गए, लेकिन यहां उन्हें कोई नहीं मिला। दिग्विजय ने भास्कर से बातचीत में बताया कि विधायक बिसाहूलाल, रामबाई, हरदीप सिंह और सुरेंद्र सिंह को भाजपा ने बंधक बना लिया है। ये सभी होटल में हैं और मुझे होटल में नहीं जाने दिया जा रहा। हालांकि मेरी सभी विधायकों से बात हो गई है, सुबह सभी साथ आ जाएंगे। सीएम कमलनाथ भी देर रात तक दिल्ली में मौजूद विधायकों से संपर्क साधने की कोशिश करते रहे। हॉर्स ट्रेडिंग पर ग्वालियर में कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा- मुझे कोई जानकारी नहीं है। न ही मेरे सामने कोई तथ्य आए हैं।

सभी विधायकों के फोन स्विच ऑफ मिले थे

होटल में मौजूद विधायकों को भास्कर ने जब रात को फोन लगाया तो सभी के फोन स्विच ऑफ मिले। सूत्रों ने बताया कि होटल में सपा विधायक राजेश शुक्ला, गोहद विधायक रणवीर जाटव, गिर्राज दंडौतिया, संजीव कुशवाहा भी हैं। हालांकि, दिग्विजय ने इनके नामों की पुष्टि नहीं की।

भाजपा ने कहा- घटनाक्रम से हमारा कोई लेना-देना नहीं

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ''कांग्रेस की सरकार अंतर्विरोध-अंतर्कलह से ग्रसित है। भाजपा का इस तरह के घटनाक्रम से कोई लेना-देना नहीं है, न ही हमारे इस तरह के कोई प्रयास हैं। कांग्रेस को अपने घर की चिंता करनी चाहिए। कांग्रेस के नेताओं से पूछिए कि उनके यहां ऐसा क्यों हो रहा है।'' वहीं, विपक्ष के नेता गोपाल भार्गव बोले- कांग्रेस के तीन अंग हैं, उनमें एक अंग (सिंधिया) कह रहा है मुझे कोई जानकारी नहीं है। यह कांग्रेस का अंतर्विरोध है।

कमलनाथ: सरकार स्थिर, फ्री का पैसा मिल रहा है तो ले लो

प्रदेश में कांग्रेस सरकार स्थिर है। भाजपा डरी हुई है क्योंकि आने वाले समय में उसके 15 साल के घाेटालों का खुलासा होना है। मुझे तो कांग्रेस विधायक खुद बता रहे हैं कि उन्हें कितने पैसों का ऑफर दिया जा रहा है। अगर फ्री का पैसा मिल रहा है तो ले लो।

बैजनाथ बोले- मुझे मिला ऑफर, त्रिपाठी-कोल बैठक में नहीं पहुंचे 
सबलगढ़ से विधायक बैजनाथ कुशवाहा ने कहा- मुझे भाजपा ने ऑफर दिया है। इसकी रिकॉर्डिंग है। उन्होंने मंत्री गोविंद सिंह से भी मुलाकात की। दमोह विधायक राहुल सिंह ने कहा- मुझे भी ऑफर मिला। वहीं, क्रॉस वोटिंग कर चौंका चुके भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी व शरद कोल ने फिर पार्टी को संशय में डाला है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने रीवा, शहडोल संभाग के विधायकों की बैठक बुलाई थी, इसमें से दोनों विधायक नदारद रहे।

मध्य प्रदेश: विधानसभा की मौजूदा स्थिति

कुल सीटें: 230, मौजूदा सदस्य संख्या: 228, विधानसभा अध्यक्ष को छोड़कर बहुमत का आंकड़ा: 114 (कांग्रेस को सपा-बसपा और निर्दलीयों का समर्थन)

पार्टी सीटें
कांग्रेस 114
भाजपा 107
बसपा 02 (एक पार्टी से निलंबित)
सपा 01
निर्दलीय 04
रिक्त सीटें 02

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery