Monday, 9th June 2025

दिल्ली / पोलिंग बूथ का जायजा लेने पहुंचीं कांग्रेस प्रत्याशी लांबा अभद्र टिप्पणी पर भड़कीं, आप समर्थक को थप्पड़ मारने की कोशिश की

Sat, Feb 8, 2020 10:13 PM

 

  • अलका चांदनी चौक से कांग्रेस प्रत्याशी हैं, पहले वो इसी सीट से आम आदमी पार्टी की विधायक रह चुकी हैं
  • आप कार्यकर्ता से लांबा की बहस हुई, जब यह बढ़ी तो लांबा ने युवक को कई बार थप्पड़ मारने की कोशिश की

 

नई दिल्ली. दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए मतदान के दौरान चांदनी चौक से कांग्रेस प्रत्याशी अलका लांबा आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता से उलझ गईं। लांबा ने इस कार्यकर्ता को कई बार थप्पड़ मारने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। अलका ने इस बारे में शिकायत भी दर्ज कराई। आरोप है कि आप कार्यकर्ता ने अलका के बेटे को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी। इसे बाद कांग्रेस प्रत्याशी को गुस्सा आ गया। कवि कुमार विश्वास ने लांबा का बचाव करते हुए अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा। 

मजनू का टीला में हुई घटना
लांबा चांदनी चौक से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। यहां उनका मुकाबला आप के प्रह्लाद सिंह और भाजपा के सुमन गुप्ता से है। प्रह्लाद कांग्रेस में रह चुके हैं। शनिवार को मतदान के दौरान अलका मजनू का टीला क्षेत्र के एक पोलिंग बूथ पर पहुंचीं। यहां आप कार्यकर्ता मौजूद थे। किसी बात को लेकर अलका की इनसे कहासुनी हो गई। इस दौरान एक आप कार्यकर्ता ने कथित तौर पर लांबा के पुत्र पर अभद्र टिप्पणी कर दी। गुस्से से तमतमाई अलका ने इस युवक को कई बार थप्पड़ मारने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस उसे अपने घेरे में लेकर दूर चली गई। लांबा ने इस बारे में शिकायत दर्ज कराई है।  

कांग्रेस से आप और फिर कांग्रेस
अलका लांबा छात्र जीवन से ही कांग्रेस में रही हैं। हालांकि, 2015 में वो आम आदमी पार्टी में शामिल हुईं। इसी साल विधानसभा चुनाव हुए तो वो आप के टिकट पर चांदनी चौक से चुनाव जीतीं और पहली बार विधायक बनीं। पिछले साल अरविंद केजरीवाल से मतभेद के बाद उन्होंने आप छोड़ दी और फिर कांग्रेस में आ गईं। कांग्रेस ने उन्हें इसी सीट से उम्मीदवार बनाया है। 

विश्वास ने किया लांबा का बचाव
अन्ना आंदोलन से लेकर आप के गठन तक कुमार विश्वास अरविंद केजरीवाल के मुख्य सहयोगी रहे। केजरीवाल से मतभेद के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी। जब विश्वास आप में थे उस वक्त अलका विधायक थीं। बाद में अलका ने भी केजरीवाल की पार्टी छोड़ दी। शनिवार को हुई घटना के बाद कुमार ने केजरीवाल और आप पर ट्वीट कर तंज कसा।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery