नई दिल्ली. दिल्ली विधानसभा के लिए शनिवार को मतदान से पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर महिलाओं से वोट डालने की खास अपील की। उन्होंने कहा- आप (महिलाएं) घर से पुरुषों को भी मतदान के लिए ले जाएं और पुरुषों से चर्चा जरूर करें कि किसे वोट देना सही रहेगा। इस पर केंद्रीय मंत्री और अमेठी की सांसद स्मृति ईरानी ने केजरीवाल पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्या महिलाएं इतनी सक्षम नहीं हैं कि वे स्वयं निर्धारित न कर सकें कि किसे वोट देना है। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी, नतीजे 11 फरवरी को आएंगे।
केजरीवाल ने परिवार के साथ सिविल लाइंस इलाके में कड़ी सुरक्षा के बीच राजपुरा ट्रांसपोेर्ट अथॉरिटी में बने बूथ पर मतदान किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि मेरे बेटे ने भी पहली बार वोट डाला। इससे पहले महिलाओं से वोटिंग की खास अपील की।
मुख्यमंत्री के मंदिर में पूजा करने पर विवाद
अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से चुनाव मैदान में हैं। वे शनिवार सुबह वोटिंग से पहले पत्नी सुनीता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कनॉट पैलेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर गए। इसके बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने मंदिर में जूते उतारे और बिना हाथ धोए हनुमानजी पर माला चढ़ाई। इससे लेकर आम आदमी पार्टी ने तिवारी को जवाब दिया। सांसद संजय सिसोदिया ने कहा कि मनोज तिवारी को पहले केजरीवाल के हनुमान चालीसा पढ़ने से दिक्कत थी। अब उन्हें मंदिर जाने से भी परेशानी है। वे कह रहे हैं कि हनुमानजी की प्रतिमा अपवित्र हो गई और उसका शुद्धिकरण करना पड़ा। क्या केजरीवाल अछूत हैं?
Comment Now