बीजिंग/नई दिल्ली. केरल में बुधवार को कोरोनावायरस के 153 संदिग्ध मामले सामने आए। इनमें 16 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने ये जानकारी दी। चीन में कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या 562 हो गई है। हुबेई प्रांत में बुधवार को 70 लोगों की मौत दर्ज की गई। सीएनएन के मुताबिक, चीन में अब तक 27378 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। चीन के बाहर हॉन्गकॉन्ग और फिलीपींस में भी 1-1 युवक की मौत हुई है।
चीनी विदेश मंत्रालय के अनुसार, 21 देशों से बीजिंग को महामारी की रोकथाम और नियंत्रण के लिए डोनेशन मिला है। देश के 31 प्रांतों के साथ दुनिया के 29 देशों में यह वायरस फैल चुका है। उधर, इस बीमारी का गढ़ रहे वुहान प्रांत ने 11 प्रमुख स्थानों को अस्थायी अस्पताल में बदल दिया है। इनमें स्पोर्ट्स सेंटर, जिम और एग्जिबिशन सेंटर भी शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि इससे 10,000 बिस्तरों की व्यवस्था हो गई है। वुहान में स्थिति इतनी गंभीर है कि 30 घंटे पहले जन्मे बच्चे को भी वायरस ने चपेट में लिया है। इससे पहले बच्चे की मां भी कोरोनावायरस पॉजिटिव पाई गई थी। वुहान में स्थिति इतनी गंभीर है कि 30 घंटे पहले जन्मे बच्चे को भी वायरस ने चपेट में लिया है। इससे पहले बच्चे की मां भी कोरोनावायरस पॉजिटिव पाई गई थी।
दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में 5 और संदिग्ध मरीज बुधवार को भर्ती हुए। इनमें एक महिला भी शामिल है। अस्पताल में भर्ती संदिग्ध मरीजों की संख्या अब 12 हो गई है। जांच के लिए सभी मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। निगरानी के लिए उन्हें आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
सूरत के हीरा उद्योग को 2 महीने में 8,000 करोड़ रु. का नुकसान हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि डायमंड इंडस्ट्री के लिए हॉन्गकॉन्ग बड़ा केंद्र है, पर वहां इमरजेंसी है। इससे बिजनेस बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
डब्ल्यूएचओ ने 4792 करोड़ रुपए के दान की अपील की
वायरस से लड़ने के लिए डब्ल्यूएचओ ने दुनियाभर से 4792 करोड़ रु. दान देने की अपील की। इस राशि का इस्तेमाल प्रभावित देशों में होगा। उधर हॉन्गकॉन्ग की प्रमुख एयरलाइंस कंपनी कैथे पैसिफिक ने 27 हजार कर्मचारियों को तीन हफ्ते का अवैतनिक अवकाश लेने के लिए कहा है। दुनिया के 47 देशों ने चीन के लिए उड़ानें अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं।
कोरोनावायरस का कोई इलाज नहीं
दुनियाभर में कोरोनावायरस फैलता जा रहा है। स्वास्थ्य संगठन वैश्विक महामारी को रोकने के लिए कार्रवाई कर रहे हैं। फिलहाल कोरोनावायरस का इलाज मौजूद नहीं है। कुछ स्वास्थ्य संगठन इसकी खोज में लगे हैं। एचआईवी और अन्य एंटीवायरल दवाओं के मिश्रण के साथ कुछ सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया ने अन्य देशों के नागरिकों के आने पर रोक लगाई
अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और सिंगापुर ने हाल में चीन की यात्रा करने वाले अन्य देश के यात्रियों के अपने यहां आने पर रोक लगाई थी। वियतनाम ने भी चीन से आने-जाने वाली सभी उड़ानों पर रोक लगा दी है।
Comment Now