Monday, 9th June 2025

दिल्ली चुनाव / केंद्रीय मंत्री गिरिराज बोले- शाहीन बाग में आत्मघाती हमलावर बनाए जा रहे हैं, ये देश के खिलाफ साजिश

Thu, Feb 6, 2020 7:44 PM

 

  • दिल्ली में शनिवार को मतदान होना है, भाजपा शाहीन बाग में सीएए के खिलाफ प्रदर्शन को मुद्दा बना रही है
  • भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी शाहीन बाग को लेकर भड़काऊ बयान दे चुके हैं

 

नई दिल्ली. दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 8 फरवरी को होना है। प्रचार का आज अंतिम दिन है। शाहीन बाग का मुद्दा गरम है। अब केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विवादित ट्वीट किया है। गुरुवार सुबह उन्होंने कहा कि शाहीन बाग में आत्मघाती हमलावरों के जत्थे बनाए जा रहे हैं। इसके पहले दिल्ली से ही भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी इस मुद्दे पर भड़काऊ बयान दे चुके हैं। चुनाव आयोग ने दोनों पर कार्रवाई भी की थी। दिल्ली चुनाव के नतीजे 11 फरवरी को आएंगे। 

देश के खिलाफ साजिश
गिरिराज सिंह ने गुरुवार को शाहीन बाग का एक वीडियो शेयर किया। इसके कैप्शन में लिखा, “यह शाहीन बाग अब सिर्फ आंदोलन नही रह गया है। यहां सुइसाइड बॉम्बर का जत्था बनाया जा रहा है। देश की राजधानी में देश के खिलाफ साजिश हो रही है।” बाद में न्यूज एजेंसी से बातचीत में गिरिराज ने कहा, “शाहीन बाग में एक महिला का बच्चा ठंड से मर जाता है और वो महिला कहती है कि मेरा बेटा शहीद हुआ है। यह सुसाइड बम नहीं तो क्या है? अगर भारत को बचाना है तो ये सुसाइड बम, खिलाफत आंदोलन 2 से देश को सजग करना होगा।” सीएए के विरोध में दिल्ली के शाहीन बाग में 15 दिसंबर से धरना चल रहा है। इसकी वजह से कई रास्ते बंद हैं। भाजपा का आरोप है कि शाहीन बाग में देश के खिलाफ साजिश रची जा रही है।

मोदी ने कहा था- ये संयोग नहीं, प्रयोग है
3 फरवरी को एक चुनावी सभा में प्रधानमंत्री मोदी ने भी शाहीन बाग का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था, “सीलमपुर हो, जामिया हो या फिर शाहीन बाग बीते कई दिनों से सीएए को लेकर प्रदर्शन हुए। क्या ये प्रदर्शन सिर्फ एक संयोग हैं। नहीं, ये संयोग नहीं, ये प्रयोग हैं। इसके पीछे राजनीति का एक ऐसा डिजाइन है, जो राष्ट्र के सौहार्द को खंडित करने का इरादा रखता है।”

28 जनवरी को भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा था, “शाहीन बाग में लाखों लोग जमा हैं। दिल्ली की जनता को सोच-विचारकर ही फैसला लेना चाहिए। वे आपके घरों में घुस जाएंगे, आपकी मां-बहनों से दुष्कर्म करेंगे और उन्हें मार देंगे। अगर भाजपा सरकार बनी तो सभी मस्जिदें हटवा दूंगा, शाहीन बाग भी एक घंटे में खाली होगा।” इसके एक दिन पहले केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भीड़ से भड़काऊ नारे लगवाए थे। चुनाव आयोग ने दोनों नेताओं पर कार्रवाई भी की थी।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery