बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्कूल से घर लौट रही छात्रा को लिफ्ट देने के बहाने कार सवारों ने अगवा कर लिया। इसके बाद सूनसान जगह ले जाकर उसको बेल्ट से पीटा और दुष्कर्म किया। छात्रा गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी छोटी बहन के साथ लौट रही थी। छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर 5 को पकड़ लिया है। पकड़े गए आरोपियों में तीन नाबालिग हैं। जबकि मुख्य आरोपी फरार है। वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली गई है। घटना सरकंडा क्षेत्र की है।
सरकंडा क्षेत्र की रहने वाली 16वर्षीय किशोरी कक्षा 10वीं की छात्रा है। उसकी 11 साल की छोटी बहन ने गणतंत्र दिवस पर अपने स्कूल हुई डांस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। छात्रा उसके साथ देखने स्कूल गई थी। दोपहर को कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों स्कूल से घर लौट रहे थे। जबड़ापारा मुक्तिधाम चौक के पास पहुंचे तो वहां बैठे तीन युवक उनके करीब कार लेकर पहुंचे और दोनों को घर छोड़ने के लिए बोला। इनमें से एक युवक दीपक सिंह को छात्राएं पहचानती थीं। पहले तो उन्होंने मना किया, पर जोर देने पर तैयार हो गईं।
कार दीपक की ही थी, उसमें तीन लोग और बैठे थे। छात्राओं को लेकर कार मुक्तिधाम चौक से अशोक नगर की ओर जाने लगी तो दोनों बहनों ने विरोध किया। इस पर आरोपियों ने थोड़ी दूर घुमाने के बाद फिर लाकर छोड़ देने की बात कही। अशाेक नगर चौक के पास तीनों ने दोनों बहनों को चाउमिन खिलाया और कोल्ड्रिंक पिलाई। यहां से फिर अपने दोस्तों को फोन किया और उन्हें बिरकोना रोड की ओर ले गए। यहां पहले से तीन लोग मौजूद थे। इनमें से मुख्य आरोपी भी था।
दोनों बहनों ने यहां से घर चलने के लिए कहा। बड़ी बहन ने कहा कि उसे टॉयलेट जाना है। मुख्य आरोपी उसे टायलेट कराने के बहाने खंडहर की ओर ले गया और जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने पर उसने बेल्ट से मारा। वह इससे डर गई। इस बीच युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे कार में छोड़कर दोस्तों के साथ बाइक में निकल गया। जिनके साथ कार मेें दोनों बहने गई थी, उसी कार में उसे पुराना सरकंडा के पास छोड़कर भाग निकले। दोनों वहां से घर पहुंची।
किशोरी ने अपनी सहेली को घटना की जानकारी दी तो उसने छात्रा के माता पिता को बताया। पिता उसे लेकर थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित 6 लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया और पीड़िता का मुलाहिजा कराई। आरोपियों में पांच नामजद है। सभी आरोपी जबड़ापारा के रहने वाले हैं। पुलिस ने को कार को जब्त कर लिया है। मामले में अभी तक पांच को गिरफ्तार किया गया है। बालिग आरोपियों में दीपक सिंह ठाकुर, राहुल देवांगन और मुख्य आरोपी शामिल है।
Comment Now