रायपुर. छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगम में से 9 पर कांग्रेस का कब्जा हो चुका है। इन सभी जगहों पर कांग्रेस का महापौर चुना गया है। ऐसे में अब सबकी नजर शुक्रवार को होने वाले कोरबा मेयर के निर्वाचन पर टिक गई है। यहां भाजपा का बहुमत है, लेकिन क्रॉस वोटिंग हुई तो शहर की सत्ता यहां भी कांग्रेस के हाथ लग सकती है। मेयर बनाने के लिए 34 पार्षदों की जरूरत है। भाजपा के 31 और कांग्रेस के 26 पार्षद हैं। वहीं 11 वार्ड में निर्दलीय सहित अन्य ने जीत दर्ज की है। दोनों ही दलों की ओर से दिग्गज नेता उनको मनाने में जुटे हैं।
इस बीच भाजपा की ओर से ऋतु चौरसिया को मेयर प्रत्याशी बनाने की तैयारी है, जबकि कांग्रेस से विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने श्यामसुंदर सोनी और जयसिंह अग्रवाल ने राजकिशोर प्रसाद का नाम आगे बढ़ाया है। इस परिस्थिति को देखते हुए पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम भी कोरबा पहुंच चुके हैं। यहां भी कांग्रेस अपना मेयर बनाने के लिए जोर आजमाइश कर रही है। कोरबा में जो समीकरण बन रहे हैं, उसके मुताबिक भाजपा ने एक बागी और एक निर्दलीय का समर्थन लेकर 33 का आंकड़ा छू लिया है।
वहीं कांग्रेस तीन बागी और दो सीपीएम के पार्षदों को मिलाकर 31 तक ही पहुंच पाई थी। हालांकि दिन निकलते ही बसपा के भी एक पार्षद ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। ऐसे में दोनों दलों के पास निगम में लगभग बराबर की स्थिति हो गई है। कांग्रेस के पास अब 32 पार्षदों का समर्थन है। दोनों पार्टियों की नजरें अब जोगी कांग्रेस के दो पार्षदों पर टिकी हैं। फिलहाल उन्होंने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। अब जोगी कांग्रेस के पार्षद जिसके भी साथ जाएंगे, उस दल के मेयर की राह आसान हो जाएगी।
जो खबरें मिल रही हैं, उसके मुताबिक ऋतु चौरसिया को मेयर कैंडिडेट बनाने पर भाजपा में क्रॉस वोटिंग की परिस्थिति बन सकती है। ऋतु का परिवार संघ बैकग्राउंड से है, इसलिए भाजपा आगे बढ़ा रही है, लेकिन पार्षद दल का समर्थन मिलने में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस नेताओं को उम्मीद है कि ऋतु को कैंडिडेट बनाने पर क्रॉस वोटिंग होगी, जिसका फायदा उन्हें मिलेगा और वे आसानी से मेयर बना लेंगे। हालांकि भाजपा संगठन पार्षदों की निगरानी कर रहा है। भाजपा के प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी कोरबा में डटे हुए हैं।
जिला पंचायत परिसर में महापौर और सभापति के लिए मतदान की प्रक्रिया होना है इसके लिए प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली है। कुछ ही देर में सभी पार्षद पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। पुलिस ने जिला पंचायत परिसर को बैरिकेडिंग कर दिया है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस है। परिसर में ढाई सौ से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैंै। पुलिस को अंदेशा है कि मतगणना के दौरान कोई हंगामा कर सकता है। बताया जाता है कि एसपी कार्यालय में 40 से अधिक रिजर्व पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया है।
Comment Now