Tuesday, 10th June 2025

सीएए / शाह ने कहा- किसी ने शरणार्थियों की चिंता नहीं की, 56 इंच वाले मोदी ने उन्हें अपनाया

Sat, Jan 4, 2020 12:47 AM

 

  • अमित शाह ने कहा- शरणार्थियों के अच्छे दिन आ गए, सरकार आपको भारतीय नागरिक बना रही
  • 'सीएए के खिलाफ सारी पार्टियां एक हो जाएं, तब भी भाजपा इससे एक इंच पीछे नहीं हटेगी'
  • 'भाजपा 500 से ज्यादा सभाएं करके 3 करोड़ लोगों को सीएए की वास्तविकता समझाएगी'
  • राजस्थान में करीब 25000 पाकिस्तानी शरणार्थी, सीएए लागू होने पर 9000 को भारतीय नागरिकता मिल सकती है

 

जोधपुर. नागरिकता कानून (सीएए) के समर्थन में सभा करने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को जोधपुर पहुंचे। शाह ने कांग्रेस पर सीएए पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। शाह ने कहा- कांग्रेस, ममता, कम्यूनिस्ट और केजरीवाल एंड कंपनी इस कानून का विरोध कर रहे हैं। मैं आज इन्हें चुनौती देने आया हूं। इस जमीन से अटलजी ने परमाणु परीक्षण किया था, आज मैं जनजागरण करने आया हूं।

शाह के साथ जोधपुर के सांसद और केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत भी मौजूद थे। शाह एयरपोर्ट से सीधे बीएसएफ के राजस्थान फ्रंटियर मुख्यालय गए। उन्होंने राजस्थान से सटी भारत-पाकिस्तान सीमा के हालात की जानकारी ली। शाह ने बॉर्डर की ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा करने के बाद जवानों से मुलाकात भी की।

कांग्रेस ने धर्म के नाम पर बंटवारा किया: शाह

जोधपुर के केशव परिसर में सीएए के समर्थन में हुई सभा में अमित शाह ने कहा- धर्म के नाम पर देश का बंटवारा नहीं होना चाहिए। यह किसने किया, कांग्रेस जवाब दे। यह फैसला कांग्रेस ने किया था। पूर्वी और पश्चिमी पाकिस्तान में हिन्दू, सिख और अन्य लोग बड़ी संख्या में रहते थे। पाकिस्तान और बांग्लादेश में अब 3% अल्पसंख्यक रह गए। आखिरकार वे लोग कहां गए।

राहुल गांधी को चुनौती

शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा- राहुल बाबा कानून पढ़ा है, तो चर्चा करने के लिए आ जाइए। सीएए को पढ़ लीजिए। इसमें कहीं भी किसी की नागरिकता लेने का प्रावधान नहीं है। यह नागरिकता देने का कानून है। आप लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

शाह ने कहा...

  • महात्मा गांधी ने कहा था कि जो भी आएंगे, उन्हें हम बसाएंगे। लेकिन, कांग्रेस वोट बैंक के चक्कर में अपना वादा पूरा नहीं कर सकी। इनको लगता है कि वोट बैंक टूट जाएगा।
  • यह कानून पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में प्रताड़ित किए गए हिंदू, जैन और अन्य समुदायों को नागरिकता देने के लिए है।
  • सताए हुए लोगों को नागरिकता देना, उनके मानवाधिकार की रक्षा करना है।
  • कांग्रेस तो वीर सावरकर जैसे महान राष्ट्रभक्त का विरोध कर रही है। वोट बैंक के लालच की भी एक हद होती है।
  • सीएए को लेकर देश की जनता को गुमराह किया गया। भाजपा 500 से ज्यादा सभाएं करके 3 करोड़ लोगों को सीएए के बारे में बताएगी।
  • सारी पार्टियां एक हो जाएं, तब भी भाजपा इससे एक इंच पीछे नहीं हटेगी।
  • प्रताड़ना के शिकार बने लोगों को किसी सरकार ने नागरिकता नहीं दी। किसी ने इनकी चिंता नहीं की। यह काम 56 इंच वाले नरेन्द्र मोदी ने कर दिखाया।
  • संसद के दोनों सदनों ने इस कानून को पारित किया। यहां बैठे शरणार्थियों से कहना है कि उनके अच्छे दिन आ गए हैं। अब इनको नागरिकता मिल जाएगी। सरकार आपको नागरिकता देकर भारतीय होने का गौरव देने जा रही है।
  • विरोध करने वाले लोग महात्मा गांधी, नेहरू, पटेल और मौलाना आजाद को मानेंगे या नहीं।
  • जेएनयू में नारे लगते हैं- भारत तेरे टुकड़े होंगे। टुकड़े-टुकड़े गैंग वोट बैंक की राजनीति का नतीजा है और राहुल बाबा इसका समर्थन करते हैं।
  • जनजागरण अभियान में सहयोग करें। मिस कॉल देकर अपना समर्थन जताएं। टोल फ्री 8866288662 नंबर पर मिस कॉल करने से आपका संदेश सीधे मोदी जी तक पहुंच जाएगा।

जोधपुर में सबसे ज्यादा शरणार्थी

राजस्थान में करीब 5 लाख शरणार्थी रह रहे हैं। करीब 25 हजार पाकिस्तानी विस्थापित नागरिकता के इंतजार में है। इनमें से 18,000 जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर जिलों में रहते हैं। जोधपुर में इनकी सबसे ज्यादा संख्या बताई जाती है। विस्थापितों में सबसे अधिक दलित समुदाय के लोग हैं। अब तक जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर में 20 हजार से अधिक लोगों को नागरिकता मिल चुकी है। पिछले 4 साल में 1751 लोगों को नागरिकता मिली, इनमें से 1400 सिर्फ जोधपुर के थे।

शाह और गहलोत एक साथ जोधपुर में

शाह की यह सभा पहले जयपुर में होने वाली थी, बाद में इसे राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृहनगर जोधपुर में करना तय किया गया। शाह के कार्यक्रम के समय गहलोत भी जोधपुर पहुंचे। हालांकि दोनों नेता अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए। गहलोत ने सीसीए को राजस्थान में लागू न करने की बात कही थी।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery