रायपुर . नगर निगमों में महापौर चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा कर दी गई है। वहीं बिलासपुर में बागी होकर चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस नेत्री के पार्टी को समर्थन देने के बाद अब बिलासपुर में भी कांग्रेस का मेयर बनना लगभग तय हो गया है। लेकिन कोरबा का पेंच अभी भी फंसा हुआ है। कांग्रेस नेताआें को उम्मीद है कि वे वहां पर भी अपना महापौर बनाने में सफल हो जाएंगेे। शनिवार को राजीव भवन में बिलासपुर की बागी होकर चुनाव लड़कर पार्षद बनीं संध्या तिवारी ने कांग्रेस प्रवेश कर लिया। इसके साथ ही कांग्रेस पार्षदों की संख्या 36 हो गई है। इससे 70 वार्डों वाले बिलासपुर में कांग्रेस का महापौर बनने का रास्ता साफ हो गया है। निर्दलीय पार्षद संध्या तिवारी ने महामंत्री अटल श्रीवास्तव के साथ मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात कर कांग्रेस को समर्थन दिया। चुनाव से पहले संध्या ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। इसी तरह शनिवार को चिरमिरी के निर्वाचित सभी 25 पार्षदों ने सीएम भूपेश बघेल से मुलाकात की। इनमें महापौर की दावेदार बबीता सिंह और एक पार्षद नहीं थे। महापौर को लेकर भी चर्चा हुई है।
इन निकायों में इस तारीख को चुनाव
जिला निर्वाचन आयोगों द्वारा महापौर के चुनाव के लिए तिथि घोषित कर दी गई है। इसके मुताबिक राजनांदगांव में 3 जनवरी, बिलासपुर, जगदलपुर में 4 जनवरी, रायपुर, दुर्ग आैर रायगढ़ में छह जनवरी, अंबिकापुर में 8 जनवरी की तिथि घोषित की गई है।
रायपुर में सभापति के लिए भी मतदान होगा। इस दिन नगर निगमों के प्रथम सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा। प्रदेश के 27 जिलों में से कुछ जिलों ने नगर निगम, पालिका परिषद और नगर पंचायतों के लिए महापौर, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभापति के चुनाव के लिए कार्यक्रम तय किए हैं। सोमवार को सभी जिलों में कार्यक्रम तय हो सकते हैं। वहीं ज्यादातर जिलों में सभी निकायों के लिए एक ही तारीख तय की है। लेकिन बालोद में नगर पालिका परिषद बालोद और दल्लीराजहरा में अध्यक्ष का 6 जनवरी को चुनाव होगा। जबकि नगर पंचायतों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष 4 जनवरी को चुने जाएंगे। कांकेर जिले में 4 जनवरी और सूरजपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, कोंडागांव जिले के नगरीय निकायों में 6 जनवरी को अध्यक्ष उपाध्यक्षों के चुनाव होंगे।
निर्दलीयों को साधने महापौर दावेदार होटलों और घरों में कर रहे मुलाकात
कांग्रेस के सभी महापौर दावेदार निर्दलीयों को साधने में जुट गए हैं। प्रमुख दावेदार प्रमोद दुबे और एजाज ढेबर अलग-अलग तरह से सभी सातों निर्दलीयों को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहे हैं। संगठन ने समर्थन जुटाने की जिम्मेदारी इन्हीं दावेदारों को सौंप दिया है। एक दावेदार ने एमजी रोड में पार्टी के कुछ पार्षदों को बुलाकर उनसे महापौर और सभापति को लेकर चर्चा की। एक प्रमुख प्रत्याशी भी निर्दलीयों के घर-घर जाकर मुलाकात कर रहे हैं। इन प्रमुख दावेदारों के अलावा कुछ अन्य दावेदार विधायकों को साधने में लगे हैं।
Comment Now