रायपुर / राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के अंतिम दिन सुबह उत्तर और शाम को दक्षिण भारत होगा मंच पर
Sun, Dec 29, 2019 7:20 PM
- राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में चल रहे तीन दिवसीय महोत्सव का समापन आज शाम को
- दिनभर विदेशी कलाकार बिखरेंगे सतरंगी छटा, सांसद अधीर रंजन चौधरी होंगे मुख्य अतिथि
रायपुर. छत्तीसगढ़ में पहली बार हो रहे राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में अंतिम िदन रविवार को मंच पर सतरंगी छटा बिखरेगी। सुबह जहां उत्तर भारत मंच पर होगा, वहीं शाम को दक्षिण भारत की सांस्कृतिक विरासत साकार रूप लेगी। इसके साथ ही दिनभर विदेशी कलाकार भी मंच पर अपनी कला और संस्कृति को जीवंत करेंगेे। महोत्सव का समापन शाम 7.30 बजे होगा। इस दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर सांसद अधीर रंजन चौधरी होंगे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष नानाभाऊ पाडोले और राज्यसभा सांसद मधुसूदन देवराम मिस्त्री शामिल होंगे।
महोत्सव के अंतिम दिन 29 दिसंबर : विवाह एवं अन्य संस्कार, पारंपरिक त्यौहार व अनुष्ठान, फसल कटाई और अन्य पारंपरिक विद्याओं पर नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
- सुबह 9 बजे से दोपहर 12.50 बजे तक : उत्तराखंड का लाष्पा, जम्मू का बकरवाल, मध्य प्रदेश का भड़म, हिमाचल प्रदेश का गद्दी, झारखंड का दमकच, छत्तीसगढ़ का दंडामी और कर्नाटक व सिक्किम के कलाकार अपने-अपने यहां के नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
- दोपहर 12.50 बजे से 1.40 बजे तक : श्रीलंका, थाईलैंड और मालदीव से आमंत्रित कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।
- अपराह्न 3 बजे से शाम 6 बजे तक : उत्तराखंड का मुखौटा, केरल का मरायूराट्टम, त्रिपुरा का संगराई, मध्य प्रदेश का करमा, छत्तीसगढ़ का गौर मार के साथ ही तेलंगाना, लद्दाख, गुजरात व सिक्किम के कलाकार पारंपरिक संस्कारों पर नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
- शाम 6 बजे से 7 बजे तक : बांग्लादेश, युगांडा और बेलारूस के आमंत्रित कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके बाद समापन समारोह और पुरस्कार वितरण होगा।
Comment Now