रतलाम. कड़ाके की ठंड के लिए तैयार रहिए... क्योंकि अब शहर में ठंड फिर रिवर्स गियर लगाने वाली है। अभी शहर का तापमान 11 डिग्री के आसपास बना हुआ है जो 6 डिग्री तक पहुंच सकता है। तापमान में 25 दिसंबर के बाद से कमी हाेगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक हवा का रुख उत्तरी होने से ऐसा होगा।
शहर में लगातार कम हो रहे तापमान पर ब्रेक लग गया है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री दर्ज किया गया। पांच दिन में अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री की बढ़त तो न्यूनतम में 4 डिग्री की बढ़त दर्ज की गई। 18 दिसंबर को दिसंबर का अब तक का सबसे ठंडा दिन था। अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया था। तापमान में बढ़त का कारण हवा का रुख बदलना है। अब मौसम वैज्ञानिकों ने 25 दिसंबर से तापमान में कमी की बात कही है। इधर, हमारे शहर में 5 सालों से 25 दिसंबर के बाद सबसे ठंडे दिन रहे हैं। 31 दिसंबर व 1 जनवरी काे शीतलहर व काेल्ड-डे के आसार हैं।
18 दिसंबर को पारा 7 डिग्री दर्ज किया गया था। 2011 के बाद पहली बार पारा इतने नीचे आया। इससे पहले 13 दिसंबर 2011 को तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया था। दो सालों से शहर का तापमान 11 से 20 तारीख के बीच 9 से 10 डिग्री रहता व इसके बाद बढ़ाेत्तरी हो रही थी।
अभी हवा का रुख पूर्वी व दक्षिणी-पूर्वी मौसम वैज्ञानिक डॉ. डीपी दुबे ने बताया कि दो दिन तो बहुत ज्यादा बदलाव के आसार नहीं हैं लेकिन इसके बाद ठंड बढ़ेगी। कारण यह है कि प्रतिचक्रवात छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्यप्रदेश में है। इससे हवा का रुख बदल गया है। 25 से हवा उत्तरी होने से ठंडक आएगी। इसके बाद कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
7 साल से 20 दिसंबर के बाद ही रहे ठंडे दिन
वर्ष व दिनांक | न्यू. |
29 दिसंबर 2012 | 6.0 |
23 दिसंबर 2013 | 8.0 |
30 दिसंबर 2014 | 6.0 |
26 दिसंबर 2015 | 5.2 |
27 दिसंबर 2016 | 7.3 |
28 दिसंबर 2017 | 8.2 |
31 दिसंबर 2018 | 6.2 |
Comment Now