Tuesday, 10th June 2025

नागरिकता कानून का विरोध / गुजरात में 8 हजार लोगों पर एफआईआर, कांग्रेस पार्षद समेत 49 गिरफ्तार; असम में 9 दिन बाद इंटरनेट सेवा बहाल

Fri, Dec 20, 2019 8:12 PM

 

  • उत्तर प्रदेश: संभल में हिंसा के बाद सपा सांसद समेत 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर, लखनऊ में 200 गिरफ्तार
  • दिल्ली: जुमे की नमाज के बाद नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन होगा, आज सभी मेट्रो स्टेशन खुले
  • गुजरात: अहमदाबाद और बनासकांठा में गुरुवार को प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव और हमला किया था

 

नई दिल्ली/अहमदाबाद/लखनऊ. गुजरात पुलिस ने नागरिकता कानून के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन में शामिल रहे 8 हजार लोगों पर हत्या की साजिश और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। शुक्रवार को इस मामले में अहमदाबाद से कांग्रेस पार्षद समेत 49 लोगों की गिरफ्तारी हुई। उधर, उत्तर प्रदेश के संभल में हिंसा के मामले में 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर हुई। इनमें समाजवादी पार्टी के सांसद शफीकुर्रहमान बर्क और फिरोज खान भी शामिल हैं। वहीं, असम में प्रदर्शन और हिंसा के बाद बंद हुई इंटरनेट सेवा 9 दिन बाद बहाल हुई।

दिल्ली में प्रदर्शन की वजह से कई एयरलाइंस के क्रू मेंबर्स को एयरपोर्ट तक पहुंचने में दिक्कत आ रही है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने शुक्रवार सुबह बताया कि इस वजह से आईजीआई से कुछ उड़ानों पर असर पड़ा। अधिकारियों ने कहा कि दृश्यता कम होने की वजह से 5 फ्लाइट डायर्वट करनी पड़ीं, जबकि 12 उड़ानों में देरी हुई। इससे पहले गुरुवार को हरियाणा बॉर्डर पर बैरिकेडिंग के कारण दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेसवे पर 10 किमी लंबा जाम लगा था। इसमें कई एयरलाइंस के क्रू मेंबर्स फंस गए, इससे 16 उड़ानों में देरी हुई। इंडिगो को 19 उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं।

हिंसक प्रदर्शन के बाद राज्यों के हालात 

दिल्ली

  • दिल्ली की जामा मस्जिद से दोपहर 2 बजे भीम आर्मी की तरफ से नए कानून के विरोध में मार्च निकाला जाएगा। दिल्ली पुलिस ने भीम आर्मी को जामा मस्जिद से जंतर-मंतर तक यह मार्च निकालने की इजाजत नहीं दी है। भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर उर्फ रावण हिरासत में लिए गए। चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के गेट बंद कर दिए गए हैं। शास्त्री भवन के आसपास भी सुरक्षा कड़ी की गई है।
  • पूर्वोत्तर दिल्ली में सुरक्षा इंतजाम कड़े किए गए हैं। पुलिस ने यहां शुक्रवार को 14 में से 12 थाना क्षेत्रों में धारा 144 लागू कर दी और फ्लैग मार्च भी निकाला। सीआरपीएफ और रैपिड एक्शन फोर्स की 10 कंपनियां पूर्वोत्तर दिल्ली में तैनात की गई हैं। 5 ड्रोन कैमरों से नजर रखी जा रही है।

गुजरात

  • अहमदाबाद के शाह आलम इलाके में प्रदर्शनकारियों ने गुरुवार को पुलिस के जवानों पर पथराव किया था। इस हमले में एक डीसीपी, एक एसीपी समेत 21 पुलिसकर्मी घायल हुए। मामले में 5 हजार लोगों पर ईसनपुर थाने में केस दर्ज हुआ है, जिसमें हत्या की साजिश, शासकीय कार्य में बांधा डालने जैसी धाराएं लगाई गईं। शुक्रवार को कांग्रेस पार्षद शहजाद खान समेत 49 लोगों की गिरफ्तारी हुई।
  • सूत्रों ने दिव्य भास्कर नेटवर्क को बताया कि अहमदाबाद पुलिस ने हिंसा भड़कने की इंटेलिजेंस ब्यूरो की चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया था। 
  • दूसरी ओर, गुरुवार को बनासकांठा के मुख्य हाईवे पर भीड़ ने पुलिस की गाड़ी पर हमला किया था। इस मामले में 3022 प्रदर्शनकारियों पर केस दर्ज किया गया। इनमें से 22 की पहचान कर ली गई है।

उत्तर प्रदेश 

  • राज्य में धारा 144 लागू होने के बावजूद गुरुवार को लखनऊ और संभल में नागरिकता कानून के विरोध में हिंसक प्रदर्शन हुए थे। पुलिस ने लखनऊ में 7 केस दर्ज किए और 200 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया। फायरिंग में मारे गए युवक के पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी हुई।
  • संभल जिले में हिंसा और आगजनी के मामले में सपा सांसद डॉक्टर शफीकुर्रहमान बर्क समेत 17 पर केस दर्ज हुआ है। प्रदेश में अब तक कुल 3305 लोग हिरासत में लिए गए। लखनऊ समेत 20 जिलों में मोबाइल इंटरनेट ठप है। जुमे की नमाज के चलते प्रशासन मुस्तैद है। 

बिहार

  • राजद ने नागरिकता कानून के खिलाफ शनिवार को प्रदेश में बंद बुलाया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि यह कानून असंवैधानिक और मानवता विरोधी है। इससे भाजपा का विभाजनकारी चरित्र सामने आ गया है। गुरुवार को बंद के दौरान राज्य के कई जिलों में माकपा कार्यकर्ताओं ने रेलवे ट्रैक और हाईवे जाम किए थे।

असम

  • सभी जिलों में शुक्रवार को इंटरनेट सेवा बहाल हो गई है। यहां प्रदर्शन और हिंसा के चलते 11 दिसंबर से इंटरनेट पर रोक लगाई गई थी। 


तमिलनाडु

  • चेन्नई में नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शन करने वाले 600 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इनमें अभिनेता सिद्धार्थ और संगीतकार टीएम कृष्णा भी शामिल हैं।  

कर्नाटक

  •  मंगलौर और दक्षिण कन्नड़ जिले में 21 दिसंबर को रात 10 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा। बेंगलुरु में स्कूल-कॉलेज बंद रखे गए हैं। मंगलौर में बस सेवा बंद कर दी गई है।   

केरल

  •  उत्तर केरल हाई अलर्ट पर है। यहां के वायनाड, कोझिकोड, कासरगोड और कन्नूर जिले में सुरक्षा इंतजाम पुख्ता किए गए है।    

पश्चिम बंगाल

  • राज्य में शुक्रवार को हालात सामान्य रहे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज कोलकाता के अल्पसंख्यक बाहुल्य पार्क सर्कस इलाके में धरना देंगी। 

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery