भोपाल. उत्तर से आ रही बर्फीली हवा से प्रदेश कांप उठा है। मंगलवार को ठंड और बढ़ गई। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि राजधानी भोपाल में दिन का तापमान 17.3 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 9 डिग्री कम है। इंदौर में भी सीजन का पहला सीवियर कोल्ड डे रहा। वहां दिन का तापमान 21.0 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में भी कोल्ड डे रहा, वहां दिन का तापमान 17.8 डिग्री दर्ज किया गया।
इधर, मंगलवार को पचमढ़ी में दिन में बारिश हुई, इससे दिन का तापमान में और गिरावट आई है। यहां पर 1.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। भोपाल में रात का तापमान 9.9 डिग्री दर्ज किया गया। यह इस सीजन में रात का सबसे कम तापमान है। वहीं सबसे कम तापमान दतिया और रतलाम में 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पीके साहा के मुताबिक उत्तर से बर्फीली हवा आ रही है। इसीलिए दिन और रात के तापमान में कमी आई और कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
राज्य के इन जिलों में पड़ रही कड़ाके ठंड
सागर में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है, दिन का पारा 7.8 डिग्री तक पहुंच गया है। दिन में भी सर्द हवाओं ने किया लोगों को परेशान किया। निगम के अलाव अभी तक नहीं जले हैं। इधर, होशंगाबाद में इस सीजन की सबसे ठंडी रात साेमवार की रही, तापमान 12.8 डिग्री तक पहुंचा। वहीं पचमढ़ी का तापमान 8.9 दर्ज हुआ, माैसम विभाग के अनुसार अभी तापमान और कम होगा। इधर, ग्वालियर चंबल में कड़ाके ठंड शुरू हो गई है।भिंड में रात का पारा 6 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं दतिया में 6.1 डिग्री पर आया, रात का पारा श्योपुर में 7 डिग्री दर्ज किया गया। विदिशा में तीन दिन में सात डिग्री नीचे आया रात का पारा, दोपहर तक छाया रहा। विजिबिलिटी 400 मीटर तक रही।
घना कोहरा जारी रहेगा
उत्तर पश्चिमी मैदानी इलाकों में उत्तर-पश्चिमी हवाएं मजबूत होने की प्रबल संभावना है। मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। कोहरे की परत में विराम मंगलवार की तुलना में बुधवार को लग सकता है। उत्तर पश्चिमी भारत और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा जारी रहेगा। मध्यम से घने कोहरा पूर्वी भारत, मध्य प्रदेश सहित पूरे मध्य भारत में दिखाई दे सकता है।
न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रहेगी
मप्र में न्यूनतम तापमान गिरावट जारी रह सकती है। सागर संभाग में कहीं-कहीं शीतलहर की स्थिति बन सकती है। आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ग्वालियर, चंबल, रीवा, शहडोल, इंदौर, भोपाल, होशंगाबाद, उज्जैन संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर कोल्ड डे के साथ ही कहीं-कहीं सीवियर कोल्ड डे हो सकता है। आगामी 24 घंटों के दौरान ग्वालियर, चंबल, भोपाल, उज्जैन, सागर, रीवा, जबलपुर, शहडोल संभागों के जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है।
Comment Now