खेल डेस्क. रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 400 छक्के लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ मुंबई टी-20 में यह उपलब्धि हासिल की। रोहित ने भारतीय पारी के तीसरे ओवर में शेल्डन कॉटरेल की गेंद पर 400वां छक्का लगाया। सबसे ज्यादा छक्के वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (534) ने लगाए हैं। दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी (476) हैं।
रोहित इस मैच में 34 गेंदों में 71 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए।32 साल के इस भारतीय बल्लेबाज ने इस मैच से पहले इंटरनेशनल करियर (टेस्ट, वनडे और टी-20 मैच) में 353 मैचों में 399 छक्के लगाए थे।
रोहित शर्मा ने राहुल के साथ शतकीय साझेदारी की
इस सलामी बल्लेबाज ने मैच में लोकेश राहुल के साथ पहले विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी की। इस दौरान उन्होंने(रोहित) ने टी-20 करियर का 19वां अर्धशतक लगाया। केसरिक विलियम्स की गेंद पर हेडेन वॉल्श ने उनका कैच लिया।
रोहित भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
बल्लेबाज | छक्के |
रोहित शर्मा | 404 |
महेंद्र सिंह धोनी | 359 |
सचिन तेंदुलकर | 264 |
युवराज सिंह | 251 |
सौरव गांगुली | 247 |
धोनी ने 538 मैच में 359 छक्के लगाए थे
पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 538 मैचों में 359 छक्के लगाकर दूसरे और सचिन तेंदुलकर 664 मैचों में 264 छक्के लगाकर तीसरे नंबर पर हैं। युवराज सिंह (251) छक्कों के साथ चौथे जबकि सौरव गांगुली 247 छक्के लगाकर पांचवें स्थान पर हैं।
Comment Now