महासमुंद. छत्तीसगढ़ के महासमुंद में चरित्र पर संदेह के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी को जान से मारने का प्रयास किया। जरा सी बात को लेकर सोमवार दोपहर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए युवक ने सब्जी काटने वाले चाकू से अपनी पत्नी पर 8 वार किए। इसके बाद मौके से भाग निकला।
सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने आसपास के लोगों की सहायता से महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मोंगरा की है।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम मोंगरा निवासी कुशल साहू अपनी पत्नी मीना साहू के चरित्र पर शक करता था। इसके चलते पति-पत्नी में आए दिन झगड़ा हुआ करता था। सोमवार दोपहर भी जब उनके दोनों बच्चे स्कूल चले गए तो पति-पत्नी में विवाद शुरू हो गया। बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि कुशल ने सब्जी काटने वाले चाकू से मीना पर 8-10 वार कर दिए। इसके चलते वह निढाल होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसी दौरान उनका छोटा बेटा स्कूल से घर आ गया और मां को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा।
बेटे को देखते ही कुशल वहां से भाग निकला। इसके बाद छोटे बेटे ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और मौके पर बुलाया। परिजनों ने आने के बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी और पास-पड़ोस के लोगों की सहायता से मीना को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि मीना के हाथ, पैर और मुंह पर गहरी चोट आई है। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस भी वहां पहुंच गई। उन्हाेंने इस संंबंध में महिला के बयान लिए हैं। वहीं आरोपी पति की तलाश पुलिस कर रही है।
Comment Now