रायपुर. छत्तीसगढ़ में होने वाले नगर निकाय चुनाव में टिकट वितरण के साथ ही भाजपा में घमासान शुरू हो गया है। कार्यकर्ता अनदेखी का आरोप लगाते हुए प्रदेश भर में प्रदर्शन कर रहे हैं। अब राजधानी रायपुर में गुरुवार को उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने के बाद इस्तीफों का दौर शुरू हो गया। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शैलेंद्री परगनिया ने कार्यकर्ताओं के साथ इस्तीफा दे दिया। महिलाओं को टिकट नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताते हुए उन्हाेंने अपना इस्तीफा पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय को सौंपा है।
भाजपा कार्यालय के बाहर परिसर में प्रदर्शन करती महिला मोर्चा की कार्यकर्ता।
भाजपा कार्यालय से गुरुवार को पार्षद पद के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की गई। इसके साथ बाहर हंगामा शुरू हो गया। रायपुर नगर निगम के टिकट वितरण को लेकर महिला मोर्चा अध्यक्ष शैलेंद्री परगनिया ने नाराजगी जताई। उनके साथ महिला कार्यकर्ता भी महिलाओं को टिकट देने की मांग कर रही थीं। उन्होंने पार्टी नेताओं पर अपने ही रिश्तेदारों को टिकट बांटने का आरोप लगाया है। महिला कार्यकर्ताओं का आरोप है कि 20 सालों से वे पार्टी में सक्रिय हैं फिर भी टिकट नहीं दिया गया। उन्होंने सामूहिक रूप से अपना इस्तीफा सौंपा है।
जिलाध्यक्ष के आवास के बाहर प्रदर्शन करते भाजपा कार्यकर्ता।
वहीं दूसरी ओर कई पार्षदों का टिकट काटे जाने को लेकर भी हंगामा हो रहा है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पार्टी बाहरी लोगों को टिकट बांट रही है। इसको लेकर कई वार्डों में भी कार्यकर्ता विरोध कर रहे हैं। कालीमाता वार्ड से पूर्व पार्षद डॉ. प्रमोद साहू का टिकट काटकर संजय श्रीवास्तव को देने के बाद कार्यकर्ता सामूहिक इस्तीफा देने जिला अध्यक्ष राजीव अग्रवाल के खमारडीह स्थित घर पहुंच गए। वहां उन्होंने नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंेने सामूहिक रूप से इस्तीफा सौंप दिया।
वहीं कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान नहीं मिलने का आरोप लगाकर भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने ने भी इस्तीफे की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं मिल रहा है। नेता अपने हिसाब से मापदंड तय कर रहे हैं। जिन कार्यकर्ताओं ने मेहनत की उनको तवज्जो नहीं मिल रही है। ऐसे में जो हाल विधानसभा चुनाव में हुआ वही हाल नगर अब निगम चुनाव में होगा भाजपा का होगा।
Comment Now