मुंबई. महाराष्ट्र विधानसभा का शनिवार को विशेष सत्र बुलाया गया है। महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (शिवसेना-राकांपा और कांग्रेस) की सरकार सदन में आज ही विश्वास मत (फ्लोर टेस्ट) साबित करेगी। वहीं, स्पीकर के पद के लिए कांग्रेस की तरफ से नाना पटोले और भाजपा के किसन कठोरे उम्मीदवार होंगे। इसके लिए रविवार को चुनाव होगा। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने बहुमत साबित करने के लिए उद्धव ठाकरे को 3 दिसंबर तक का वक्त दिया है। शुक्रवार को राकांपा के वरिष्ठ विधायक दिलीप वलसे पाटिल को विधानसभा का प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया था।
इस बीच, अजित पवार से भाजपा सांसद प्रतापराव चिकलीकर ने मुलाकात की। इसके बाद अजित ने कहा, ‘‘यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी। भले ही हम अलग-अलग पार्टियों से हों, लेकिन एक-दूसरे के साथ संबंध रखते हैं। फ्लोर टेस्ट पर कोई चर्चा नहीं हुई। संजय राउत पहले ही कह चुके हैं कि हमारा गठबंधन आज सदन में संख्याबल साबित करेगा।’’
फ्लोर टेस्ट से पहले ही फडणवीस ने मानी थी हार
महाराष्ट्र के अभी तक के इतिहास में कोई भी सरकार फ्लोर टेस्ट में फेल नहीं हुई है। पिछले दिनों बने राजनीतिक घटनाक्रम में देवेंद्र फडणवीस के फ्लोर टेस्ट में फेल होने की स्थिति बन रही थी, लेकिन उन्होंने सदन में शक्ति परीक्षण से पहले ही हार मान ली और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। फडणवीस के सरकार बनाने के बाद शिवसेना ने राज्यपाल के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट के जल्द बहुमत सिद्ध करने के फैसले के बाद देवेंद्र फडणवीस ने शपथ के 80 घंटे बाद इस्तीफा दे दिया। फडणवीस के इस्तीफे के बाद छत्रपति शिवाजी स्टेडियम में 28 नवंबर को शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
विधानसभा के स्पीकर रह चुके हैं दिलीप
प्रोटेम स्पीकर बनाए गए दिलीप वलसे पाटिल महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चित नाम हैं। वह राज्य की विधानसभा में स्पीकर भी रह चुके हैं। स्पीकर के अलावा वह राज्य में बिजली, वित्त और उच्चतर तकनीकी शिक्षा मंत्री भी रहे हैं।अंबेगांव विधानसभा सीट से 6वीं बार विधायक बने पाटिल को शरद पवार का बेहद करीबी माना जाता है। वे कभी पवार के निजी सलाहकर (पीए) भी रह चुके हैं।
विधानसभा की दलीय स्थिति
कुल सीटें: 288/ बहुमत: 145
दल | सीटें |
शिवसेना | 56 |
एनसीपी | 54 |
कांग्रेस | 44 |
बहुजन विकास अघाड़ी | 3 |
निर्दलीय | 9 विधायक साथ होने का दावा |
तब कुल संख्या बल | 166 |
महाराष्ट्र में अन्य दलों की स्थिति
पार्टी | सीट |
भाजपा | 105 |
एआईएमआईएम | 2 |
निर्दलीय और अन्य दल | 15 |
कुल | 122 |
Comment Now