सोयतकलां/ आगर मालवा. आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान सोयतकलां में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज लोगों ने पुलिस अधिकारियों से धक्का-मुक्की की। लोगों ने नगरीय विकास तथा आगर-मालवा जिले के प्रभारी मंत्री जयवर्धन सिंह व ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह के सामने नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया।
प्रभारी मंत्री द्वारा सीआईडी से जांच कराने का भरोसा दिलाने के बाद भी मृतक के परिजन शांत नहीं हुए। अधिकारियों पर महिलाओं ने चप्पल फेंकने का भी प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को धक्के देकर हटाया और दोनों मंत्री व अन्य अतिथियों को जैसे- तैसे रवाना किया। इसके बाद हंगामा करने वालों की धरपकड़ की गई। पुलिस ने 25 नामजद व 5 अन्य लोगों पर प्रकरण दर्ज किया है। 28 सितंबर को अयूब नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। आरोपियों का आज तक पता नहीं लगा है। इससे परिजन नाराज हैं।
मंत्रियों के पहुंचते ही शुरू हुआ हंगामा
जैसे ही मंत्री गाड़ी से उतरे, लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। प्रभारी मंत्री ने परिजनों की पूरी बात सुनी व दो महिलाओं को अपने साथ मंच पर बैठाया। कार्यक्रम के बाद मंत्री नाश्ता करने अंदर गए तो परिजनों ने फिर हंगामा कर दिया। वे मंत्री से लिखित में आश्वासन चाहते थे। प्रभारी मंत्री ने कुछ परिजनों को अंदर भेजने के लिए कहा। पुलिस ने कुछ लोगों के जाने के बाद अन्य लोगों को जाने से रोक दिया तो वहां खड़ीं महिलाओं ने पुलिस अधिकारियों से धक्का-मुक्की की। कलेक्टर संजय कुमार ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। वे नहीं माने तो पुलिस ने धक्के देकर हटा दिया।
हत्या के आरोपियों का पता लगाने के लिए आईजी ने एसआईटी गठित की। सीआईडी से जांच कराने का भरोसा भी दिलाया। इसके बाद भी परिजन हंगामा करते रहे। पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से झूमाझटकी व अभद्रता की। पुलिस ने किसी से मारपीट नहीं की।सविता सोहाने, एसपी आगर मालवा
Comment Now