वॉशिंगटन. कहा जाता है कि शौकीन होना बड़ी चीज है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प इसका जीता-जागता उदाहरण हैं। ट्रम्प पर दो हफ्ते से महाभियोग मामले में सुनवाई चल रही है, लेकिन वे ठंड में गोल्फ खेलने का प्लान बना रहे हैं। फेडरेल प्रोक्योरमेंट (सरकारी खरीद विभाग) की जानकारी के मुताबिक, सीक्रेट सर्विस ने आगामी 7 महीनों के लिए ट्रम्प की खातिर 84 गोल्फ कार्ट किराए पर ली हैं। इसका बिल अमेरिकी करदाताओं के 5.5 लाख डॉलर (करीब 3.94 करोड़ रुपए) से चुकाया गया है।
ट्रम्प अपने दोस्तों को भी गोल्फ कोर्स ले जाते हैं। हाल ही में एक बेसबॉल लीग के कमिश्नर रॉब मैनफ्रेड और दो रिपब्लिकन सीनेटरों को मैरीलैंड स्थित पोटोमैक के ट्रम्प नेशनल गोल्फ कोर्स में ले गए थे।
ट्रम्प कारोबारी भी हैं। अमेरिका समेत दुनिया के कई देशों में उनकी कंपनी द्वारा बनाए ट्रम्प टॉवर हैं। अमेरिका में भी उनके कई होटल और रिजॉर्ट्स हैं। अब तक के अपने तीन साल के कार्यकाल में ट्रम्प खुद के 17 गोल्फ कोर्स में 224 बार जा चुके हैं। इस दौरान उनकी सीक्रेट सर्विस साथ होती है।
ट्रम्प के गोल्फ खेलने के दौरान आने वाला बिल (कार्ट, होटल, कर्मचारियों का) करदाताओं के पैसे से ही चुकाया जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोल्फ कार्ट में कुछ मॉडिफिकेशन भी किए गए थे, जिसमें इसकी स्पीड 30 किमी प्रति घंटा करवाई गई। यह सामान्य स्पीड से 8 किमी प्रति घंटा ज्यादा है।
ट्रम्प के गोल्फ खेलने के शेड्यूल के लिए मेडोक्स जॉइन्स इंक कार्ट देगी। कंपनी का सनशाइन गोल्फ कार के नाम से बिजनेस है। पिछले साल भी मेडोक्स ने ट्रम्प को गोल्फ कार्ट किराए पर दी थी। बाद में जरूरत के लिहाज से 36 अन्य कार्ट की व्यवस्था भी रखी थी।
ट्रम्प की सुरक्षा के खर्च में लगातार इजाफा हो रहा है। इस साल गर्मियों में ट्रम्प के गोल्फ खेलने पर 95 हजार डॉलर (करीब 18 लाख रुपए) खर्च आया था। TrumpGolfCount.com के मुताबिक, अब उनके सुरक्षा समेत सारे खर्च को मिला लें तो इसके लिए 11 करोड़ डॉलर (790 करोड़ रु.) चुकाने होंगे। इसे भी करदाताओं के पैसे से चुकाया जाएगा।
ट्रम्प की सीक्रेट सर्विस ने खर्च पर किसी भी टिप्पणी करने से मना कर दिया। हालांकि पहले बयान दिया था कि सुरक्षा कारणों के चलते हम किसी भी प्रक्रिया, स्रोत, कीमत का खुलासा नहीं कर सकते।
बराक ओबामा के राष्ट्रपति रहने के दौरान ट्रम्प उनकी गोल्फ खेलने के लिए खासी आलोचना करते रहे।
ओबामा (2008-16): 8 साल राष्ट्रपति रहे। इस दौरान कुल 1665 घंटे में 333 राउंड गोल्फ खेला। यह उनके राष्ट्रपति कार्यकाल का महज 3% समय है।
ट्रम्प (2016-20): 3 साल से राष्ट्रपति हैं। 2200 घंटे गोल्फ खेल चुके हैं। यह उनके कार्यकाल के कुल समय का 20% समय है।
जॉर्ज डब्ल्यू बुश (2000-08): 8 साल राष्ट्रपति रहे। केवल 24 राउंड गोल्फ खेला।
Comment Now