भोपाल . प्रदेश में अतिवृष्टि से हुए नुकसान के लिए केंद्र से 6621.28 करोड़ रुपए की राहत मांगी गई थी। केंद्र ने अभी 1000 करोड़ रुपए दिए हैं। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शेष 5621.28 करोड़ की राशि भी जल्द जारी करने का अनुरोध किया है। सीएम ने बताया कि प्रदेश में अतिवृष्टि और बाढ़ से सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को हुआ है। लगभग 55 लाख किसानों की 60 लाख हेक्टेयर की फसलें खराब हुईं। फसलों की क्षतिपूर्ति, जान-माल और अधोसंरचना के नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार से राहत मांगी है।
फसल बीमा के 2300 करोड़ का भुगतान भी नहीं
इधर, कृषि मंत्री सचिन यादव ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से चर्चा के दौरान आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने खरीफ सीजन के फसल बीमा के राज्यांश अग्रिम की राशि 509.60 करोड़ रुपए का भुगतान बीमा कंपनियों को कर दिया, लेकिन केंद्र सरकार ने इस मद में भी राज्यांश की राशि 2301 करोड़ रुपए का भुगतान अभी तक नहीं किया है। उन्होंने कहा कि भावांतर योजना में भी केंद्र सरकार हमारे साथ भेदभाव कर रही है।
इसके कुल 1017 करोड़ रुपए केंद्र ने प्रदेश को नहीं दिए हैं। जबकि राज्य सरकार ने पूर्ववर्ती सरकार के समय के खरीफ-2018 फसल की फ्लैट भावांतर योजना में मक्का के लिए 2.60 लाख किसानों को 514 करोड़ रुपए का भुगतान किया है। कृषि मंत्री ने बताया कि कर्ज माफी के पहले चरण में 2022731 किसानों के 7154.36 करोड़ रुपए के ऋण माफ किए हैं। दूसरे चरण में 1202078 किसानों के ऋण माफ किए जाएंगे।
Comment Now