मुंबई/नई दिल्ली. महाराष्ट्र में भाजपा के सरकार बनाने से इनकार के बाद शिवसेना ने राकांपा और कांग्रेस की मदद से सरकार बनाने की तैयारी कर ली है। लेकिन, राकांपा और कांग्रेस ने शिवसेना को समर्थन देने के लिए उसके एनडीए से अलग होने की शर्त रखी है। इसके बाद मोदी सरकार में शिवसेना के इकलौते केंद्रीय मंत्री अरविंद सावंत ने सोमवार सुबह ट्वीट कर इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि भाजपा विपक्ष में बैठने को तैयार हैं, लेकिन मुख्यमंत्री पद नहीं बांटेगी। ये उनका अहंकार है। उधर, कांग्रेस-राकांपा और भाजपा ने कोर कमेटी की बैठकें बुलाई हैं।
बदले हुए हालात में शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बन सकते हैं। जबकि, पहले वह अपने बेटे आदित्य ठाकरे को सीएम बनाना चाह रहे थे। उधर, इस नए गठजोड़ में उप-मुख्यमंत्री का पद राकांपा को जा सकता है। वहीं, कांग्रेस को विधानसभा में स्पीकर का पद दिया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल ने शिवसेना को संख्याबल के बारे में जानकारी देने के लिए सोमवार शाम 7:30 बजे तक का वक्त दिया है। ऐसे में उद्धव खुद सत्ता का समीकरण बनाने में जुट गए हैं। रविवार देर रात तक शिवसेना के बड़े नेताओं की मातोश्री में बैठक हुई।
'उद्धव के आदेश पर अरविंद सावंत इस्तीफा दे रहे हैं'
संजय राउत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''भाजपा ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद बांटने के लिए तैयार नहीं है। वे किसी भी हालत में शिवसेना को मुख्यमंत्री पद नहीं देंगे। चाहे उन्हें विपक्ष में ही क्यों न बैठना पड़े। इस व्यवहार को जनता के साथ धोखा कहा जाएगा या नहीं। भाजपा मानने के लिए ही तैयार नहीं तो कौन सा रिश्ता रहता है हमारा। हमसे पूछा तक नहीं गया। यह रिश्ता औपचारिकता रह गया। हमारे केंद्रीय मंत्री अरविंद सावंत उद्धव ठाकरे के आदेश पर केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफ देंगे।''
अपडेट्स
- राकांपा प्रमुख शरद पवार मुंबई में पार्टी की कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इसमें प्रफुल पटेल, सुप्रिया सुले, अजीत पवार, जयंत पाटिल और अन्य नेता मौजूद रहेंगे। पवार ने कहा- जो भी फैसला होगा, राकांपा और कांग्रेस मिलकर लेंगे। अभी शाम तक का समय है।
- कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने महाराष्ट्र के राजनीतिक हालात पर चर्चा के लिए दिल्ली स्थित अपने आवास पर कार्यसमिति की बैठक बुलाई। इसमें अहमद पटेल, केसी वेणुगोपाल और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत अन्य नेता शामिल हुए।इससे पहले खड़गे ने जयपुर में ठहरे महाराष्ट्र के विधायकों के साथ बैठक की।
- भाजपा ने दोपहर को विधायक दल के नेता देवेंद्र फडणवीस के आवास पर कोर कमेटी की बैठक बुलाई है।
शिवसेना एनडीए गठबंधन से अलग होगी
शिवसेना के केंद्रीय मंत्री अरविंद सावंत ने ट्वीट किया- शिवसेना का पक्ष सच्चाई है। इतने झूठे माहौल में दिल्ली सरकार में क्यों रहे और इसीलिए मैं केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दे रहा हूं। इस संबंध में सुबह 11 बजे दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करूंगा।
संभावित सरकार में कांग्रेस का शामिल होना तय नहीं
शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस साथ आए तो बहुमत
कुल सीटें: 288
बहुमत: 145
दल | सीटें |
शिवसेना | 56 |
एनसीपी | 54 |
कांग्रेस | 44 |
कुल | 154 |
निर्दलीय | 9 विधायक साथ होने का दावा |
कुल संख्या बल | 163 |
महाराष्ट्र में अन्य दलों की स्थिति
पार्टी | सीट |
भाजपा | 105 |
बहुजन विकास अघाड़ी | 3 |
एआईएमआईएम | 2 |
निर्दलीय और अन्य दल | 15 |
कुल | 125 |
Comment Now