रांची. दिल्ली में चले महा मंथन के बाद विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने तीन-तीन नामाें का पैनल तैयार कर लिया है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक शनिवार को पार्टी के प्रधान कार्यालय में होगी। इसके बाद देर शाम को संसदीय बोर्ड की बैठक भी होगी। उसके पहले आजसू के साथ गठबंधन के मुद्दे पर भी बैठक होनेवाली है। ऐसी संभावना है कि शनिवार की देर शाम या रविवार को पहले और दूसरे चरण के 33 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, बीएल संतोष, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, थावरचंद गहलौत, शिवराज सिंह चौहान, जुएल उरांव, शाहनवाज हुसैन, विजया रहाटकर के अलावा मुख्यमंत्री रघुवर दास, ओमप्रकाश माथुर और धर्मपाल सिंह रहेंगे। संसदीय बोर्ड की बैठक में नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, बीएल संतोष, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, थावर चंद गहलोत और शिवराज सिंह चौहान रहेंगे। शुक्रवार शाम को मुख्यमंत्री रघुवर दास दिल्ली से रांची पहुंचे। वे तुरंत जमशेदपुर के लिए रवाना हो गए।
बताया गया है कि देवोत्थान एकादशी के अवसर पर सीएम के जमशेदपुर आवास में पूजा है। पूजा में रहना अनिवार्य है। इस कारण उन्हें जमशेदपुर आना पड़ा। वे शनिवार को फिर दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इसके पहले दोपहर बाद ढाई बजे तक प्रदेश भाजपा विधानसभा चुनाव प्रभारी ओमप्रकाश माथुर के दिल्ली स्थित आवास पर मुख्यमंत्री थे। इन दोनों के अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह बैठक में मौजूद रहे।
Comment Now