बड़गांव . बड़गांव बाजार में शनिवार को वन विभाग के कर्मचारियों की सक्रियता से बाजार में बिकने पहुंचा प्रतिबंधित बांस करील जब्त किया गया। इस बांस करील को कोचिए बेचने के लिए ग्रामीणों से खरीद रहे थे। कापसी परिक्षेत्र अधिकारी दिनेश तिवारी ने बताया कि जंगल में बरसात के बाद बांस के झुरमुट से बांस के नए कपोल निकलते हैं।
इसे तोड़ने के बाद छीलकर सुखा दिया जाता है जिसे करील कहते हैं। इसे सब्जी के रूप में खाया जाता है और शौकीन लोग इसकी मुंंहमंागी कीमत देते हैं। बांस के कपोल को तोड़ने से बांस का उत्पादन प्रभावित होता है क्योंकि हर कोपल से एक बांस होता है।
सब्जी के रूप में खाने हजारों की संख्या में कोपलों को तोड़ लिया जाता है इसलिए वन विभाग ने इसका सेवन और बेचना खरीदना प्रतिबंधित कर रखा है। शनिवार को बड़गांव बाजार में डिप्टी रेंजर कमलदेव सलाम, बीटगार्ड भागबली बघेल, हेमंत पुजारी, विनोद हिड़को, सुखनंदन पांडे, नीलकंठ सिन्हा, नाका प्रभारी संतोष श्रीवास्तव ने कार्रवाई कर 50 किलो करील जब्त की। इस कार्रवाई से कोचियों में हड़कंप है। डिप्टी रेंजर कमलदेव सलाम ने बताया कि टीम करील को जब्त करने के बाद जमीन में गाड़ कर नष्ट करेगी।
Comment Now