भोपाल . अंबेडकर नगर में एक सगे भाई ने फिजियोथेरेपिस्ट अपनी बहन को सिर्फ इसलिए मार डाला, क्योंकि वह लव मैरिज करने वाली थी। बहन ही घर का खर्च चलाती थी और भाई उससे नशे के पैसे भी ऐंठ लेता था। उसे डर था कि बहन अपने पति के घर चली गई तो घर और नशे का खर्च उसे कौन देगा? इसी नाराजगी में बिस्तर पर सो रही बहन को नाक-मुंह दबाकर उसने मार डाला। वारदात के वक्त मां रोजाना कर तरह नींद की गोलियां खाकर सोई थी। कमला नगर पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। ये वाकया 10 अक्टूबर की रात ढाई बजे टी-1, मल्टी अंबेडकर नगर में हुआ।
जिम्मदारी देखते हुए अभी तक वंदना ने नहीं की थी शादी : महेश भूमरकर बेरोजगार होने के साथ ही नशे का आदी है। उसका खर्च वंदना उठाती थीं। पेशे से फिजियोथेरेपिस्ट वंदना क्लीनिक संचालित करती थीं। परिवार की जिम्मेदारियों को समझते हुए उन्हाेंने 35 साल की उम्र तक शादी नहीं की। वे लव मैरिज करने वाली थी। परिवार इस रिश्ते से खुश था, लेकिन महेश को ये बात नागवार गुजर रही थी। उसने कहा कि वंदना शादी कर पति के साथ रहने लगतीं तो घर का खर्च उसे कौन देता? इसलिए उन्हें मार डाला।
कभी-कभी मां और भाई आते थे भोपाल : थाना प्रभारी विजय सिंह सिसोदिया के मुताबिक मूलत: घोड़ाडोंगरी, बैतूल निवासी 35 वर्षीय वंदना भूमरकर यहां अकेली रहती है। मां चंद्रकला और भाई महेश का यहां पर आना जाना लगा रहता था। 10 अक्टूबर की रात ढाई बजे बहन सोई हुई थी। तभी महेश ने नाक-मुंह दबाकर उसे मार डाला था।
पीएम रिपोर्ट से हुआ वारदात का खुलासा : मौके पर पहुंची पुलिस को घर में किसी के जबरन दाखिल होने के कोई प्रमाण नहीं मिले। पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि वंदना की हत्या हुई है। इस आधार पर पुलिस का पहला शक महेश पर गया। काली मंदिर के पास से पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। कुछ देर गुमराह करने के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
Comment Now