खेल डेस्क. भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच रांची में खेला जा रहा है। टेस्ट के पहले दिन शनिवार को पहली पारी में रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे क्रीज पर हैं। विराट कोहली 12 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू हुए। उन्हें एनरिच नोर्त्जे ने आउट किया। इससे पहले कगिसो रबाडा ने चेतेश्वर पुजारा को शून्य पर एलबीडब्ल्यू किया। मयंक अग्रवाल 10 रन बनाकर रबाडा की गेंद पर डीन एल्गर के हाथों कैच आउट हुए। लंच तक भारत का स्कोर 71/3 है।
भारत ने सीरीज में लगातार तीसरी बार टॉस जीता। टीम इंडिया ने बल्लेबाजी का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने अपनी जगह प्रॉक्सी कप्तान के तौर पर टेम्बा बवुमा से टॉस कराया, लेकिन फिर भी हारे। इस मैच से 30 साल के स्पिनर शहबाज नदीम ने डेब्यू किया। वे भारत के 296वें टेस्ट खिलाड़ी हैं। नदीम को कुलदीप यादव की जगह 15 सदस्यीय टीम में मैच से एक दिन पहले ही शामिल किया गया था।
दक्षिण अफ्रीका ने टीम में पांच बदलाव किए
इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टीम में पांच बदलाव किए। थियुनिस डी ब्रुईन, एडेन मार्कराम, मुथुसामी, केशव महाराज और वर्नोन फिलैंडर को टीम से बाहर कर दिया। इनके स्थान पर जुबैर हम्जा, हेनरिच क्लासेन, जॉर्ज लिंडे, लुंगी एंगीडी और डेन पीट को टीम में शामिल किया।
दोनों टीमें
भारत: विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), मोहम्मद शमी, उमेश यादव और शहबाज नदीम।
दक्षिण अफ्रीका: फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), डीन एल्गर, क्विंटन डीकॉक, जुबैर हम्जा, टेम्बा बवुमा, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), जॉर्ज लिंडे, डेन पीट, कगिसो रबाडा, एनरिच नोर्त्जे और लुंगी एंगिडी।
भारत 5वीं बार 3-0 से सीरीज जीतना चाहेगा
मैच को जीतकर भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहली बार 3-0 टेस्ट सीरीज जीतना चाहेगी। टीम इंडिया सीरीज में 2-0 से आगे है। भारत ने सीरीज के पहले तिरुवनंतपुरम टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका को 203 रन और दूसरे पुणे टेस्ट में पारी और 137 रन से हराया था। भारतीय टीम इस मैच को जीतकर क्रिकेट इतिहास में पांचवीं बार 3-0 टेस्ट सीरीज जीतना चाहेगी। भारत ने आखिरी बार जुलाई 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 3-0 से टेस्ट सीरीज जीती थी। भारतीय टीम ने पहली बार इंग्लैंड को जनवरी 1993 में अपनी जमीन पर 3-0 से क्लीन स्वीप किया था।
किसके खिलाफ | कब | कहां |
इंग्लैंड | जनवरी 1993 | भारत |
श्रीलंका | जनवरी 1994 | भारत |
न्यूजीलैंड | सितंबर 2016 | भारत |
श्रीलंका | जुलाई 2017 | श्रीलंका |
अश्विन के 67 टेस्ट में 356 विकेट
इस मैच में रविचंद्रन अश्विन के पास पूर्व पाकिस्तानी कप्तान इमरान खान और न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी डेनियल विटोरी को विकेट के मामले में पीछे छोड़ने का मौका होगा। अश्विन ने अब तक 67 टेस्ट में 356 विकेट लिए हैं। इमरान के 88 मैच और विटोरी के 113 मैच में बराबर 362 विकेट हैं। मैच में 7वां विकेट लेते ही अश्विन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी नाथन लियोन की बराबरी भी कर लेंगे। हालांकि, लियोन अभी क्रिकेट खेल रहे हैं।
Comment Now