शिवपुरी (नरेंद्र शर्मा). जिला अस्पताल में मेडिकल वार्ड में भर्ती एक मरीज की मौत के बाद पांच घंटे तक उसका शव बेड पर पड़ा रहा और उसे चींटियां खाती रहीं। मरीजों ने ड्यूटी डॉक्टर और नर्सों को सूचना दी पर उन्होंने देखकर अनदेखा कर दिया।
फक्कड़ कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय बालचंद्र लोधी को रविवार को पेट में तकलीफ के चलते जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। इसलिए पत्नी सोमवार की रात बच्चों की देखभाल के लिए घर चली गई। वार्ड में भर्ती मरीज अशोक राठौर का कहना था कि बालचंद्र के शरीर में सुबह 6 बजे से कोई हलचल नहीं दिख रही थी।
सुबह 8.30 बजे ड्यूटी डॉक्टर के आने से पहले मरीजों के पर्चे देने के लिए नर्स आई तो अशोक ने उसे बताया कि बालचंद्र सुबह 6 बजे से ही ऐसे पड़ा है। देख लो, लेकिन नर्स दूर से देखकर चली गई। 9.30 बजे दूसरी नर्स भी दूर से ही देखकर चली गई। इसके बाद सुबह 10 बजे ड्यूटी डॉक्टर दिनेश राजपूत वार्ड में पहुंचे तो वे भी दूर से देखकर चले गए। उन्होंने अन्य मरीजों को भी नहीं देखा।
इसके बाद वार्ड में भर्ती किसी मरीज ने बालचंद्र की पत्नी रामश्री बाई को फोन किया। सुबह 11 बजे रामश्री अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने पति की आंखों से चींटियों को हटाया। वे बिलखते हुए कहे जा रही थीं कि देह को कम से कम कपड़े से सुरक्षित ढंक तो देते। परिवार के लोग राेते-रोते शव को ले गए।
पीड़ा हुई कि अस्पताल में शव को ढंका तक नहीं गया
मृतक की पत्नी रामश्री बाई ने बताया कि मुझे तो अस्पताल से फोन पहुंचा। आकर देखा तो पति की आंख पर चीटियां जमी थीं। यह देखकर पीड़ा हुई कि अस्पताल में उनके शव को ढंककर भी नहीं रखा गया।
मामला गंभीर, जांच कराकर कार्रवाई करूंगा
सीएमएचओ डॉ. एएल शर्मा ने कहा कि यह मामला गंभीर है। कम से कम मरीज के साथ संवेदना तो होनी चाहिए। किसने क्या लापरवाही की है, मैं मामले की पूरी जांच कराऊंगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करूंगा।
Comment Now