धमतरी. कर्जमाफी के बाद जिले में कर्ज लेने वाले किसानों की संख्या बढ़ गई है। बीते वर्ष की तुलना में इस वर्ष 4 हजार अधिक किसानों ने सहकारी बैंक से कर्ज लिया है। किसानों ने सबसे ज्यादा नगद कर्ज लिया है। सहकारी बैंकों में 30 सितंबर तक खाद, बीज व नकद ऋण बांटे गए। इस दौरान 48 हजार 871 किसानों ने 145 करोड़ 56 लाख 88 हजार रुपए का ऋण लिया। खाद, बीज से 48 करोड़ 68 लाख 59 हजार और नगद 96 करोड़ 88 लाख 29 हजार रुपए का लोन पास कराया गया।
अगर पिछले वर्ष की बात की जाए तो 2018 में 45 हजार 731 किसानों ने 138 करोड़ 59 लाख रुपए का लोन लिया था। जिनमें से 44 हजार किसानों के अंशकालीन ऋण 106 करोड़ रुपए माफ किए गए। इसके बाद 21 राष्ट्रीयकृत बैंकों के 19392 किसानों के अंशकालीन ऋण 272 करोड़ रुपए माफ किए गए हैं। वहीं ग्रामीण बैंकों के 6293 किसानों के 10 करोड़ ऋण की माफी हुई। ऋण माफी के बाद इस वर्ष ऋण लेने वाले किसानों की संख्या में बढ़ोतरी हुई।धान की फसल तैयार: इस वर्ष जिले में सामान्य वर्षा हुई है। जिले में औसत वर्षा 1135 मिमी हुई है, जबकि बीते वर्ष 1248 मिमी औसत वर्षा हुई थी। धान की फसल में बालियां आ चुकी हैं। मोटर पंप वाले किसान 10 दिन बाद कटाई शुरू कर देंगे।
पिछले 5 साल में किसानों ने लिया इतना कर्ज
वर्ष | किसान | ऋण |
2019-20 | 48871 | 145 करोड़ 56 लाख 88 हजार |
2018-19 | 45731 | 138 करोड़ 59 लाख 78 हजार |
2017-18 | 43652 | 117 करोड़ 94 लाख 76 हजार |
2016-17 | 43202 | 108 करोड़ 15 लाख 49 हजार |
2015-16 | 39337 | 93 करोड़ 80 लाख 99 हजार |
वर्ष 2018-19 में 44 हजार किसानों ने फसल बीमा कराया था। अच्छी बारिश के चलते फसल अच्छी हुई थी। कहीं-कहीं ज्यादा बारिश के कारण किसानों को नुकसान हुआ था। जिले में 10863 किसानों को फसल बीमा का लाभ मिला था। इन किसानों को 8 करोड़ 62 लाख 83 हजार का भुगतान किया गया। ज्यादातर भखारा, नगरी, मगरलोड क्षेत्रों में फसलों को ज्यादा नुकसान हुआ था।
2015 में जिले में 39 हजार किसानों ने कर्ज लिया था। 4 साल बाद इन किसानों की संख्या 10 हजार बढ़ी है। सबसे ज्यादा वर्ष 2016-17 में बढ़ोतरी हुई है। 43 हजार 202 किसानों ने 108 करोड़ का ऋण लिया। इसके बाद 2017 में किसानों की संख्या 2 हजार बढ़ी। 2018 में कर्जमाफी के बाद कर्ज लेने वाले 4 हजार किसान फिर से बढ़ गए।
Comment Now