न्यूयॉर्क. भारत संयुक्त राष्ट्र के उन 34 सदस्य देशों में शामिल है, जिसने अपने नियमित बजट का समय पर भुगतान किया है। भारत ने इस साल 31 जनवरी तक के नियमित बजट आकलन में 23.25 मिलियन डॉलर (165 करोड़ रु.) का भुगतान कर दिया है। इसके साथ ही अन्य 33 देशों ने भी संयुक्त राष्ट्र की 30 दिन की नियत अवधि के भीतर बकाया भुगतान कर दिया है। 30 दिन की नियत अवधि (31 जनवरी) की समाप्ति के बाद 95 अतिरिक्त सदस्य देशों ने पूर्ण रूप से भुगतान किया है।
मार्च 2019 तक शांति स्थापना कार्यों के लिए संयुक्त राष्ट्र का भारत पर 38 मिलियन डॉलर (270 करोड़ रु.) बकाया है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने सोमवार को चेतावनी दी थी कि यूएन के पास इस महीने के अंत तक अपने कामकाज के संचालन के लिए पर्याप्त पैसा नहीं है। इस महीने संयुक्त राष्ट्र को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है।
8 अक्टूबर तक 129 सदस्य देशों ने भुगतान किया
संयुक्त राष्ट्र के सूत्रों के अनुसार, इस महीने 8 अक्टूबर तक 129 सदस्य देशों ने अपने नियमित बजट का पूरा भुगतान किया है। सदस्य देशों ने 2019 के नियमित बजट आकलन के लिए 1.99 बिलियन डॉलर (करीब 14 हजार करोड़ रु.) का भुगतान किया है, जबकि नियमित बजट के लिए 2019 की बकाया राशि 1.386 बिलियन डॉलर (9,863 करोड़ रु.) है।
हालांकि, 64 देशों को अभी 2019 के लिए अपने नियमित बजट बकाया का भुगतान करना है। इनमें अफगानिस्तान, बांग्लादेश, ब्राजील, मध्य अफ्रीकी गणराज्य, उत्तर कोरिया, ईरान, इजराइल, मैक्सिको, ओमान, फिलीपींस, दक्षिण कोरिया, सऊदी अरब, श्रीलंका, अमेरिका और वेनेजुएला शामिल हैं।
Comment Now