Monday, 26th May 2025

छत्तीसगढ़ / एनएसयूआई और यूथ इंटक नेता समेत 7 को गिरफ्तार कर जेल भेजा

Sun, Oct 6, 2019 4:26 PM

 

  • पुलिस फर्जी मामले में फंसा रही, सीएम और स्पीकर से की शिकायत
  • पुलिस बोली- उत्पात मचा रहे थे, कांग्रेस का दावा-पूजा के लिए चंदा काट रहे थे

 

कोरबा . शुक्रवार की देर रात कांग्रेस के युवा नेताओं के साथ पुलिस की झड़प के बाद मामला तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने रात में ही एनएसयूआई के प्रदेश सचिव राकेश पंकज, यूथ इंटक के जिला अध्यक्ष अंकित श्रीवास्तव और इनके 5 अन्य साथियों को हिरासत में ले लिया। इसकी खबर मिलने के बाद इनके समर्थक मानिकपुर पुलिस चौकी घेराव करने पहुंच गए। 


कानून व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े इसलिए रात से ही आसपास के थानों से पुलिस बल मंगाकर तैनात कर दिया। कुछ देर नारेबाजी के बाद समर्थक लौट गए। शनिवार की शाम गिरफ्तार सातों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जमानत नहीं मिलने पर उन्हें जेल भेज दिया गया। इधर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने आरोप लगाया है कि पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है। उन्हें झूठे मामले में फंसा रहे हैं। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री, गृहमंत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, डीजीपी सहित वरिष्ठ नेताओं से की है।  कोरबा सीएसपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि शुक्रवार की रात 11.30 बजे मानिकपुर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को एसबीएस काॅलोनी के पास 25 युवकों के सड़क पर उत्पात करने की सूचना मिली। पेट्रोलिंग टीम वहां गई। तभी युवक पुलिस से उलझ गए।

पेट्रोलिंग टीम ने वहां पहुंचकर उत्पात कर रहे लड़कों को समझाइश दी। सीएसपी राहुल देव शर्मा ने कहा कि समझाइश पर वे पुलिस कर्मियों के साथ ही हुज्जतबाजी करने लगे। यहीं नहीं पेट्रोलिंग वाहन की हेड लाइट तोड़ दी। इस घटनाक्रम को एक पुलिस कर्मी ने अपने मोबाइल से रिकार्ड कर लिया। युवकों ने उसके हाथ से मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कर दिया। इसके बाद वे सभी वहां से चले गए। घटना की जानकारी अफसरों को दी। मानिकपुर चौकी में मामले में धारा 147, 341, 342, 294, 186, 353, 332, 427 भादवि के तहत केस दर्ज किया। जांच के बाद अंकित श्रीवास्तव, निखिल, राहुल राव, राकेश पंकज, चिराग, राजू बर्मन, विक्की, नायडू, निर्मल सिंह, छत साहू समेत अन्य को नामजद आरोपी बनाया है। रात में ही अंकित, राकेश, राजू, राहुल, निर्मल, छत व चिराग को गिरफ्तार किया गया। इन्हें कोर्ट में पेश कर जमानत नहीं मिलने पर जेल भेज दिया है। 

मानिकपुर चौकी के सामने रात में कांग्रेस नेताओं ने किया प्रदर्शन

विकास की बीमार मां को देखने गए कांग्रेसी भी आरोपी : प्रसाद का आरोप है कि सिंह के घर पहुंचकर एएसपी ने धमकाया। एएसपी ने कहा कि कितना बड़ा गुंडा है विकास, उसको देखना है, उसके हाथ-पैर तोड़ देने की धमकी भी दी। इस पर विकास की मां ने आपत्ति भी की। इसके बाद पुलिस वहां से चली गई। लेकिन बीपी-शुगर से पीड़ित विकास की मां की तबियत बिगड़ गई, जिन्हें रात में ही हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घटना की खबर मिलने पर जो संगठन पदाधिकारी व कार्यकर्ता विकास के घर गए थे। उन्हें रास्ते में पुलिस ने रोक लिया। कहा कि कैसे उसके घर गए थे। फिर उनमें से अंकित समेत अन्य को मानिकपुर चौकी ले गई। बाद में उन पर मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। प्रसाद का कहना है कि एएसपी इससे पहले जहां-जहां पदस्थ रहे हैं, वहां-वहां विवादों से घिरे रहे हैं। उनकी वजह से न सिर्फ कानून व्यवस्था बिगड़ी वरन नागरिकों को आंदोलित होना पड़ा। 

चौकी नहीं पहुंचे कांग्रेसी, दफ्तर में जुटे फिर गए जांजगीर : एनएसयूआई और यूथ इंटक के नेता व उनके साथियों की गिरफ्तारी के बाद कोई भी कांग्रेस नेता मानिकपुर चौकी नहीं पहुंचे। दोपहर शहर जिला कांग्रेस कार्यालय में बड़ी संख्या में क्षेत्र के कांग्रेसी जुटे। वहां शहर जिला अध्यक्ष ने बैठक ली। यहां प्रसाद ने कहा कि गांधी विचार यात्रा की तैयारी के लिए बैठक कर रहे हैं। बाद में वहां से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का काफिला जांजगीर गया। जांजगीर में सीएम भूपेश बघेल व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत एक कार्यक्रम में पहुंचे और कोरबा की घटना के बारे में बताया। सीएम ने आश्वासन दिया है कि वे जानकारी लेकर जरूरी कदम उठाएंगे। 

एएसपी उदय पर धमकी देने का लगाया आरोप : शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने मुख्यमंत्री को शनिवार को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने कि कोरबा के नवपदस्थ एएसपी उदय किरण पर बिना वजह कांग्रेस नेताओं को धमकी दे रहे हैं। फोन पर ही फायरिंग आर्डर की बात कहकर धमका रहे हैं। शुक्रवार रात एसबीएस काॅलोनी दुर्गा पूजा समिति के सदस्य चंदा ले रहे थे, तभी कृष्णानगर एएसपी सौ पुलिस वालों के साथ पहुंचे और दुर्व्यवहार करने लगे।

 यूथ इंटक जिला अध्यक्ष पर पुराने मामले में भी कार्रवाई  : सीएसपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि शहर के निहारिका-घंटाघर रोड स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में ढाई माह पहले 16 जुलाई की रात 10.10 बजे यूथ इंटक जिला अध्यक्ष अंकित श्रीवास्तव ने पहुंचकर हंगामा किया था। यहां तैनात सुरक्षा कर्मी छतराम यादव से मारपीट की थी। हंगामे की सूचना पर रामपुर पेट्रोलिंग टीम पहुंची थी। यहां तैनात एएसआई माधव तिवारी से भी अंकित ने हुज्जतबाजी की थी।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery