अम्बिकापुर . दशहरा उत्सव पर शनिवार को शहर के कलाकेंद्र मैदान में संभाग स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में शैला, सुग्गा, करमा, डोमकेच के करीब 44 दलों ने रंगारंग प्रस्तुति दी। हाय रे सरगुजा नाचे गाने की धुन पर प्रतियोगिता शुरू हुई तो पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत भी खुद को राेक नहीं पाए। वह कलाकारों का हौसला बढ़ाने उनके बीच पहुंच गए और मांदल लेकर बजाने लगे। इस दौरान दोनों मंत्री परंपरागत गेड़ी में भी चढ़कर चले। सिंहदेव ने कहा कि सरगुजा क्षेत्र लोक कला एवं संस्कृति की विविधताओं से भरा है। यहां शैला, करमा, सुग्गा, डोमकेच जैसे लोक नृत्यों की समृद्ध परंपरा प्रचलित है।
यहां की कला संस्कृति को सहेजने तथा समृद्ध करने की जो शुरुआत की गयी है वह प्रशंसनीय है। इस प्रकार के आयोजन से सरगुजा क्षेत्र की कला संस्कृति संरक्षित और संवर्धित होगी। कला संस्कृति को सहेजने तथा लोक कालाकारों की प्रतिभा को निखारने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा। इससे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि प्रदेश की पुरातन संस्कृतियों को संरक्षित करने के लिए सरकार काम कर रही है। सरगुजा जिले में संस्कृति विभाग के कार्यालय खोलने के लिए 42 लाख रुपए की स्वीकृति दी गयी है।
43 सड़कों को सुधारा जाएगा: अम्बिकापुर | पंचायत एवं ग्रामीण विकास टीएस सिंहदेव एवं खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने शनिवार को अम्बिकापुर जनपद के ग्राम पंचायत मेण्ड्रा कला पहुंचे। यहां समारोह में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अम्बिकापुर, लुण्ड्रा एवं सीतापुर विधानसभा के 43 सड़कों के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास किया।
तीनों विधानसभा के लिए मंजूर 43 सड़कें करीब 127.99 किमी हैं। यह 18 करोड़ 40 लाख 91 हजार से नवीनीकरण की जाएंगी। सिंहदेव ने मेण्ड्रा कलाॅ में मिली स्टेडियम निर्माण की मंजूरी प्रदान करने की घोषणा की। कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप हर क्षेत्र में सरकार विकास कार्य करा रही है। खाद्य मंत्री ने कहा कि आप लोगों ने सरगुजा एवं छत्तीसगढ़ सजाने सवारने का जो जिम्मा दिया है। उसे पूरा करने का भरसक प्रयास करूगां। पंचायतों के परिसीमन के तहत किसी गांव की निर्धारित जनसंख्या के बाद पंचायत परिसीमन में छूट गया है। तो ऐसी पंचायतों के परिसीमन के लिए आवेदन देकर 11 तक पूरा करा सकते हैं।
Comment Now