झाबुआ. विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया और भाजपा प्रत्याशी भानू भूरिया ने सोमवार को नामांकन दाखिल किए। दोनों ने शुभ मुहूर्त में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर फॉर्म जमा किए। दोनों ने अपनी संपत्ति का भी ब्यौरा दिया। इनमें जमीन-आसमान का अंतर है। कांतिलाल भूरिया और उनकी पत्नी की प्रॉपर्टी 7 करोड़ 61 लाख 50 हजार रुपए की है। जबकि भानू के पास 30 लाख की।
भानू भूरिया ने 12.50 पर सांसद गुमानसिंह डामोर, जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा और अजय पोरवाल के साथ जाकर नामांकन भरा। भाजपा से बागी होकर रविवार को इस्तीफा देने वाले कल्याणसिंह डामोर ने भी निर्दलीय फॉर्म भर दिया। उन्हें मनाने कई नेताओं ने कोशिश की, लेकिन उन्होंने किसी की नहीं सुनी। कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया ने दोपहर 1.50 बजे नामांकन दाखिल किया। उनके सामने टिकट मांगने वाले जेवियर मेड़ा, पत्नी कल्पना भूरिया और एडवोकेट रमेश डोसी भी साथ थे।
भानू के परिवार से 25 गुना अमीर हैं कांतिलाल भूरिया का परिवार
विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों की संपत्ति में जमीन-आसमान का अंतर है। अब तक 12 चुनाव लड़कर 9 चुनाव जीतने और प्रदेश व केंद्र सरकार में मंत्री रहे कांतिलाल भूरिया और उनकी पत्नी की अचल संपत्ति पहली बार कोई बड़ा चुनाव लड़ रहे भानू और उनकी पत्नी की अचल संपत्ति से 25 गुना ज्यादा है। कांतिलाल भूरिया और कल्पना भूरिया की प्रॉपर्टी 7 करोड़ 61 लाख 50 हजार रुपए की है। जबकि भानू के पास 30 लाख की। उनकी पत्नी के पास कोई प्रॉपर्टी नहीं है।
सोमवार को दोनों प्रत्याशियों ने नामांकन के साथ अपनी संपत्ति का जो ब्याैरा दिया है, उससे पता चलता है कि कांतिलाल भूरिया के पास अचल संपत्ति उतनी ही है, जितनी मई 2019 में थी। तब उन्होंने लोकसभा का चुनाव लड़ा था। उनकी चल संपत्ति में 2 लाख रुपए की बढ़ोतरी हुई और पत्नी पत्नी कल्पना भूरिया की चल संपत्ति लगभग इतनी ही कम हुई।
कांतिलाल भूरिया दंपति की संपत्ति
चल संपत्ति (अभी)
कांतिलाल भूरिया- 66 लाख 65 हजार 372 रुपए
कल्पना भूरिया- 79 लाख 4 हजार 346 रुपए
(मई 2019 में)
कांतिलाल भूरिया- 64 लाख 40 हजार 441 रुपए
कल्पना भूरिया- 80 लाख 89 हजार 177 रुपए
अचल संपत्ति (अभी)
कांतिलाल भूरिया- 1 करोड़ 40 लाख रुपए की
कल्पना भूरिया- 6 करोड़ 21 लाख 50 हजार रुपए की
(मई 2019 में) इतनी ही थी
ये सब है परिवार के पास : कांतिलाल भूरिया के पास इनोवा कार, 9.57 लाख के आभूषण जिनमें डायमंड भी है के साथ रिवाल्वर है। पत्नी कल्पना भूरिया के पास फॉर्च्यूनर कार, पिस्तौल और 47 लाख 90 हजार रुपए के आभूषण हैं।
भानू और पत्नी निर्मला की संपत्ति
चल संपत्ति
भानू भूरिया- 80 हजार 156 रुपए
निर्मला भूरिया- 1 लाख 32 हजार रुपए
इसलिए हो रहे उपचुनाव
हाल ही में लोकसभा चुनाव में भाजपा ने झाबुआ विधायक गुमान सिंह डामोर को झाबुआ-रतलाम संसदीय सीट ने अपना प्रत्याशी बनाया था। डामाेर ने इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया को बड़े अंतर से पराजित किया था। सांसद बनने के बाद उन्होंने विधायक पद से त्यागपत्र दे दिया था।
Comment Now