इस्लामाबाद. पाकिस्तान ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र में अपनी राजदूत मलीहा लोधी को हटा दिया है। उनकी जगह मुनीर अकरम की नियुक्ति की गई है। विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी। हालांकि, इस बदलाव का कोई कारण नहीं बताया गया है। यह बदलाव प्रधानमंत्री इमरान खान के अमेरिका से लौटने के बाद किया गया। अकरम 2002 से 2008 तक संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि के रूप में काम कर चुके हैं।
देश का प्रतिनिधित्व करना बेहद खास था- मलीहा
वहीं, मेलिहा ने भी ट्वीट कर इसकी पुष्टी की और कहा, ‘‘यह मेरे लिए गर्व की बात रही कि मुझे देश के लिए काम करने का मौका मिला। मैं इसके लिए शुक्रगुजार हूं। मैंने चार सालों तक यूएन में प्रतिनिधि के रूप में काम किया। दुनिया में सबसे महत्वपूर्ण बहुपक्षीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना बेहद खास था।’’
जेनेवा में खलील अहमद पाक के नए प्रतिनिधि होंगे
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि जेनेवा में खलील अहमद हाशमी पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि होंगे। खलील अहमद हाशमी अभी संयुक्त राष्ट्र में विदेश मंत्रालय के निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। इसके साथ ही विदेश मंत्रालय ने श्रीलंका, बांग्लादेश और कुवैत समेत कुल दस देशों में नए प्रतिनिधि नियुक्त किए हैं।
इमरान ने भड़काऊ भाषण तो मोदी ने शांति का संदेश दिया
इमरान ने पिछले हफ्ते न्यूयॉर्क में महासभा की बैठक के दौरान अपने भाषण में कश्मीर मुद्दे को उठाया था। लगभग 50 मिनट के अपने भाषण में इमरान आधा समय कश्मीर मुद्दे पर ही बोलते रहे। अपने भाषण में इमरान ने चेतावनी दी कि अगर दो परमाणु हथियार वाले पड़ोसियों के बीच आमना-सामना होता है, तो इसके दूरगामी परिणाम होंगे।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ठीक इसके विपरीत अपने भाषण में शांति का संदेश दिया। उन्होंने कहा था कि भारत एक ऐसा देश है, जिसने दुनिया को युद्ध नहीं, बल्कि बुद्ध का शांति का संदेश दिया है। इसलिए हमारी आवाज में आतंक के खिलाफ दुनिया काे सतर्क करने की गंभीरता और आक्राेश है। उन्हाेंने आतंकवाद काे किसी एक देश के बजाय पूरी दुनिया और मानवता की सबसे बड़ी चुनाैती करार दिया।
Comment Now