रामेश्वरम. तमिलनाडु के दो हजार से ज्यादा मछुआरों पर सोमवार को श्रीलंकाई नौसेना ने हमला कर दिया। रामेश्वरम में मछुआरों की संस्था के अध्यक्ष पी सेसुराजा ने बताया कि मछुआरे शहर से कुछ ही दूर भारत की समुद्री सीमा में मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान श्रीलंकाई नौसैनिकों ने उनके जालों को पकड़ लिया। इसके चलते मछुआरों को भागने पर मजबूर होना पड़ा।
मछुआरों को गोली मारने की धमकी दे चुका है श्रीलंका
इससे पहले श्रीलंकाई नौसेना ने 14 सितंबर को तमिलनाडु के 4 मछुआरों को नेंदुनथीवु के पास से गिरफ्तार कर लिया था। श्रीलंका का कहना था कि मछुआरे उसके क्षेत्र में पहुंच गए थे। यह पहली बार नहीं था जब श्रीलंका ने भारतीय मछुआरों को पकड़ा है। कई बार मछुआरे मछली पकड़ने के लिए श्रीलंका की समुद्री सीमा में घुस जाते हैं। इसको लेकर दोनों देशों के बीच एक समय विवाद काफी बढ़ गया था। श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने 2015 में यह तक कह दिया था कि भारतीय मछुआरे अगर सीमा पार करते हैं तो हम उन्हें गोली मार देंगे।
Comment Now