बिहार / भारी बारिश से 13 की मौत, 22 जिलों में बाढ़ का खतरा; 5 मंत्रियों के आवास में पानी भरा
Sun, Sep 29, 2019 5:14 PM
- मुजफ्फरपुर में ऑरेंज और प्रदेश के 14 जिलाें में रेड अलर्ट, पटना में 10 साल का रिकॉर्ड टूटा
- राजधानी का 80% क्षेत्र पानी में; हॉस्टल में रहने वाले छात्रों ने शहर छोड़ा, कुछ परिवार होटल में शिफ्ट
- पटना में राहत कार्य के लिए एनडीआरएफ के 60 जवान और एसडीआरएफ के 20 जवान ने संभाली कमान
पटना. बिहार के कई इलाकों में पिछले तीन दिन से तेज बारिश हो रही है। इस दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो गई। गया में छह, कैमूर में तीन, भोजपुर, नवादा, समस्तीपुर और मोतिहारी में एक-एक की जान गई। उधर, राज्य के 22 जिलों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। रविवार को भी बारिश से निजात नहीं मिलेगी। राज्य सरकार ने सभी जिलों में प्रशासन को 15 अक्टूबर तक हाई अलर्ट पर रहने का आदेश दिया है।
दक्षिण उत्तरप्रदेश और इससे सटे उत्तरी मध्यप्रदेश के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन और बंगाल की खाड़ी से झारखंड और गंगीय इलाके में कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से पूरे बिहार में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह सिस्टम 30 सितंबर तक रहेगा। पटना में भी शनिवार को भारी बारिश हुई। शहर के कई इलाकों में जलजमाव हुआ। राज्य के पांच मंत्री नंद किशोर यादव (सड़क निर्माण मंत्री), कृष्ण नंदन वर्मा (शिक्षा मंत्री), सुरेश शर्मा (नगर विकास मंत्री), संतोष निराला (परिवहन मंत्री) और उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के आवास में भी पानी भर गया।
पटना में शनिवार को 177 मिमी बारिश हुई
पटना में शनिवार को बारिश का पिछले 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया। पटना में शनिवार को 177 मिमी बारिश हुई। इससे पहले 3 सितंबर 2013 को चौबीस घंटे के दौरान 158 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इसी तरह सितंबर में अभी दो दिन बचे हैं। इस महीने में शनिवार तक 429 मिमी बारिश हो चुकी है। इससे पहले सितंबर, 2016 में 399.4 मिमी बारिश हुई थी। वैसे पटना में अब तक चौबीस घंटे में बारिश का ऑल टाइम रिकॉर्ड 273.5 मिमी है, जो 20 सितंबर 1967 को दर्ज हुआ था।
उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के निजी आवास के सामने पांच फीट पानी
- उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के राजेंद्र नगर स्थित निजी आवास के पास शनिवार को पांच फीट से अधिक पानी भर गया था। वे पहले शहर के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री भी रह चुके हैं। साथ में पटना मध्य के लंबे समय तक विधायक रहे हैं, जहां शनिवार को सबसे ज्यादा पानी भर गया था।
- सड़क निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव के बंगले में भी शनिवार को दो फीट पानी जमा हो गया था। शिक्षा मंत्री कृष्ण नंदन वर्मा के कैंपस में भी डेढ़ फीट पानी देखा गया। विधान परिषद के कार्यकारी सभापति हारुण रशीद के घर में भी पानी भरने की शिकायत की गई थी।
- उधर, नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा के घर में भी पानी भर गया। इन पर शहर की साफ-सफाई, ड्रेनेज और विकास की बड़ी जिम्मेदारी है, लेकिन इस बारिश ने इन्हें भी नहीं छोड़ा। परिवहन मंत्री संतोष निराला के घर का भी यही हाल रहा।
इन जिलों में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका
- रेड अलर्ट : सुपौल, अररिया, किशनगंज, बांका, समसतीपुर, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, दरभंगा, भागलपुर, खगड़िया, कटिहार, वैशाली, मुंगेर जिले को रेड अलर्ट किया गया है। इन 14 जिलों में 210 एमएम से अधिक बारिश होने की संभावना है।
- ऑरेंज अलर्ट : शिवहर, सीतामढ़ी, सारण, बेगूसराय, भोजपुर, बक्सर, जमुई, मधुबनी, मुजफ्फरपुर जिले को औरेंज अलर्ट है। 120 मिमी से 200 मिमी बारिश होने की उम्मीद है।
- यलो अलर्ट : पटना, शेखुपरा, लखीसराय, नालंदा, सीवान, गाेपलगंज, नवादा, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में यलो अलर्ट है। 70 से 110 मिमी वर्षा संभव।
Comment Now