रायपुर/लखनऊ. छत्तीसगढ़-उत्तरप्रदेश समेत चार राज्यों की चार विधानसभा सीटों में सोमवार सुबह से मतदान चल रहा है। छत्तीसगढ़ की नक्सल प्रभावित सीट दंतेवाड़ा सीट के कटेकल्याण इलाके के परचेली पोलिंग बूथ से 200 मीटर दूर सुरक्षाबलों ने आईईडी बरामद किया है। माना जा रहा है कि मतदान को प्रभावित करने के लिए नक्सलियों की साजिश को नाकाम किया है। दंतेवाड़ा में सुबह से ही वोटिंग को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है।
छत्तीसगढ़ की दंतेवाड़ा, केरल की पाला, त्रिपुरा की बाधरघाट और उत्तरप्रदेश की हमीरपुर सीट पर उपचुनाव है। चारों सीटों पर मतगणना 27 सितंबर को होगी। दंतेवाड़ा में भाजपा विधायक भीमा मंडावी की नक्सली हमले में हत्या के बाद सीट खाली हुई थी। भाजपा विधायक अशोक चंदेल को सामूहिक नरसंहार मामले में उम्र कैद की सजा सुनाई गई थी। जिसके बाद हमीरपुर सीट से उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई थी।
छत्तीसगढ़ में पीठासीन अधिकारी की तबीयत बिगड़ने से मौत
दंतेवाड़ा के कटेकल्याण इलाके के चिकपाल पोलिंग बूथ में तैनात पीठासीन अधिकारी चंद्रशेखर ठाकुर की मौत हो गई। चंद्रशेखर की सुबह से ही तबीयत बिगड़ रही थी। मतदान शुरू होते ही उनकी तबीयत ज्यादा ही खराब हो गई थी। वहीं, उत्तरप्रदेश की हमीरपुर विधानसीट पर सुबह 9 बजे तक 5.60 फीसदी मतदान हो चुका। यहां सुबह शुरुआत में 14 बूथों पर ईवीएम में खराबी सामने आई। बाद में सभी मशीनों को बदल दिया गया।
सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक वोटिंग
नक्सल प्रभावित जिले दंतेवाड़ा विधानसभा के उपचुनाव के लिए मतदान अपराह्न 3 बजे तक चलेगा। चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिले में 15 हजार जवानों की तैनाती की गई है। मतदान के लिए 273 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जहां पर 1.88 लाख से ज्यादात मतदाता अपने अधिकारों का प्रयोग करेंगे। खास बात यह है कि धुर नक्सल प्रभावित गांवों या नक्सलगढ़ के गांवों में भी 4500 मतदाता हैं, जो हर बार नई आस के साथ अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते रहे हैं।
देवती कर्मा और ओजस्वी मंडावी में मुकाबला
दंतेवाड़ा उपचुनाव में एक निर्दलीय समेत 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला कांग्रेस की देवती कर्मा और भाजपा की ओजस्वी मंडावी के बीच ही है। ओजस्वी जहां भाजपा के दिवंगत विधायक भीमा मंडावी की पत्नी हैं, वहीं देवती कर्मा पूर्व विधायक होने के साथ ही कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे बस्तर टाइगर दिवंगत महेन्द्र कर्मा की पत्नी हैं। दोनों के पतियों ने नक्सली हमले में ही अपनी जान गंवाई है।
भीमा मंडावी पर हुआ था नक्सली हमला
लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान से ठीक 48 घंटे पहले 9 अप्रैल को नक्सलियों ने विस्फोट कर भाजपा विधायक भीमा मंडावी की गाड़ी को उड़ा दिया था। इस विस्फोट में विधायक मंडावी की मौत के साथ ही उनके ड्राइवर और तीन जवान शहीद हो गए थे। बचेली से आगे मीटिंग में जाने के दौरान कुआकोंडा से पहले धमाका दंतेवाड़ा-सुकमा रोड पर नकुलनार में हुआ। विस्फोट इतना ज़बरदस्त था कि उनकी गाड़ी 200 मीटर दूर जा गिरी। इसके बाद नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी थी, जो कि करीब एक घंटे तक जारी रही थी।
हमीरपुर सीट पर 9 प्रत्याशी मैदान में
उत्तरप्रदेश की हमीरपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के मुताबिक मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। नतीजों की घोषणा 27 सितंबर को की जाएगी। चुनाव में भाजपा के सामने सपा, बसपा, कांग्रेस कुल 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें भाजपा के युवराज सिंह, कांग्रेस के हर दीपक निषाद, सपा के मनोज कुमार प्रजापति, बसपा के नौशाद अली और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के आलम मंसूरी मुख्य रूप से शामिल हैं।
चार लाख वोटरों के लिए 476 बूथ
हमीरपुर विधानसभा उप निर्वाचन में 257 मतदेय स्थलों पर 476 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 37 क्रिटिकल बूथ चिन्हित किए गए हैं। 52 स्थानों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। मतदान के लिए 572 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और 619 वीवीपैट मशीनें लगाई गई हैं। यहां पहली बार पांच बूथों पर क्यूआर पर्ची की भी व्यवस्था की गई है। सभी बूथों को 04 जोन, 36 सेक्टर और 10 अतिरिक्त स्टैटिक/सेक्टर मजिस्ट्रेट में बांटा गया है। 35 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं। निर्वाचन में कुल मतदाताओं की संख्या 4,01497 है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में वोटरों के लिए नाव की व्यवस्था
यमुना और बेतवा नदी में आई बाढ़ के मद्देनजर जिला प्रशासन ने प्रत्येक बूथ पर नाव, ट्रैक्टर तथा मोटरबोट/ स्टिमर की व्यवस्था की है। इन साधनों के माध्यम से बाढ़ से प्रभावित होने वाले मतदाताओं को बूथों तक पहुंचाया जाएगा। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से पैरामिलिट्री फोर्स की व्यवस्था की गई है। बाढ़ में डूबे 8 बूथों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है।
Comment Now