इंदौर. प्रधानमंत्री मोदी का 69वां जन्मदिन मंगलवार को शहरभर में धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में प्रधानमंत्री की लंबी आयु के लिए कामना की गई। हवन कर मिठाई वितरित की गई। सांसद शंकर लालवानी भी भाजपा नेताओं के साथ गुरुद्वारे पहुंचे और प्रधानमंत्री के लिए प्रार्थना की गई। मंदसौर में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ पीड़ितों की सेवा करते हुए शहर में पसरे कचरे को कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर साफ किया। वहीं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा शिव मंदिर की सफाई कर पूजन किया गया।
शहर की इन्द्रपुरी काॅलोनी स्थित शिव मंदिर पर भाजपा अनुसूचित मोर्चा के सदस्यों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर पीएम मोदी के जन्मदिन की खुशियां उत्साह के साथ सेलिब्रेट की। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के नगर अध्यक्ष राजेश शिरोड़कर ने बताया कि देश मे मनाए जा रहे सेवा सप्ताह के तहत बुधवार को प्रदेश के सबसे बड़े शासकीय अस्पताल एमवाय की साफ सफाई की व्यवस्था अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा की जाएगी। उन्होंने बताया कि न केवल इंदौर बल्कि प्रदेश स्तर पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ता पीएम मोदी का जन्मदिन उत्साह के साथ मना रहे हैं। इसी कड़ी में शिव मंदिर की सफाई कर मोदी जी की लंबी आयु के लिए कामना की और लोगों को मुंह मीठर करवाया गया। इसके अलावा भी अन्य कई जगहों पर पीएम का जन्मदिन धूमधाम से मनाते हुए मिठाई का वितरण किया गया।
सांसद लालवानी ने कहा कि पार्टी ने तय किया था कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। इसी कड़ी में देशभर में सेवा के कामों को शुरू करना था। इसी कड़ी में इंदौर में सभी धर्मों ने प्रार्थना सभा का अायोजन किया गया था। इसके साथ ही रक्तदान, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का संकल्प सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सेवा सप्ताह के तहत मंदसौर में बाढ़ पीड़ितों की सेवा करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कचर को साफ किया। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर मंदसौर शहर के विभिन्न स्थानों पर सेवा संकल्प सप्ताह के अंतर्गत बाढ़ पीड़ितों की सेवा में भाजपाई सहित कई सामाजिक संस्थाएं जुटीं।
Comment Now