भोपाल . मध्यप्रदेश के ताजा घटनाक्रम (दिग्विजय-उमंग सिंघार विवाद), नए प्रदेश अध्यक्ष और संगठन में बदलाव को लेकर प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया ने शुक्रवार को नईदिल्ली में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को रिपोर्ट सौंप दी है। सिंघार द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर लगाए गए आरोपों से आलाकमान ने नाराजगी जताई है। रिपोर्ट में नए प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति और संगठन में बदलाव का भी जिक्र है। इस सब के बीच शनिवार को मुख्यमंत्री कमलनाथ भी सोनिया से मुलाकात कर रहे हैं।
इससे प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया 10 सितंबर तक विदेश में हैं, उनकी वापसी पर नए अध्यक्ष का रास्ता साफ होगा। पार्टी आलाकमान प्रदेश का नया अध्यक्ष कमलनाथ और सिंधिया की सहमति से चुनना चाहती है। इसी के चलते 12 सितंबर को देश भर के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि इस दौरान नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर अंतिम निर्णय हो सकता है। दौड़ में फिलहाल बड़े नामों में सिंधिया का नाम सबसे आगे है। इसके अलावा अजय सिंह, बाला बच्चन, उमंग सिंघार, ओमकार सिंह मरकाम, रामनिवास रावत और प्रभुराम चौधरी के नाम भी चर्चा में है।
Comment Now