लखनऊ. भाजपा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने के मुद्दे पर देशभर में जनजागरण और जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इसमें फिल्म, खेल और शिक्षा क्षेत्र की 2000 प्रमुख हस्तियाें से संपर्क किया जाएगा। अभियान में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, वरिष्ठ मंत्री और मुख्यमंत्री भी हिस्सा लेंगे। मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 पांच अगस्त को हटाया था।
इस आयोजन को लेकर बुधवार काे भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। अभियान में भाजपा 1 सितंबर से 30 सितंबर के बीच 370 जगहों पर जनसंपर्क सभाएं करेगी। इसके लिए दो समितियां बनाई गई हैं। जनसंपर्क अभियान की अगुवाई भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रधान करेंगे, जबकि जन जागरण अभियान की अगुवाई का जिम्मा गजेंद्र सिंह शेखावत को दिया गया है।
अनुच्छेद-370 हटाने की वजह बताई जाएगी
अभियान में बताया जाएगा कि अनुच्छेद-370 क्यों हटाया गया और इसका क्या परिणाम होगा। चुने गए प्रबद्ध लोगों से पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मिलेंगे। बता दें कि सदस्यता अभियान के बाद भाजपा का यह दूसरा अभियान है। इससे पहले भाजपा ने अपने सदस्यता अभियान में 3.78 करोड़ नए सदस्य जाेड़ने का दावा किया है।
Comment Now