सुकमा. छत्तीसगढ़ के सुकमा में डीआरजी (डिस्ट्रक्टि रिजर्व ग्रुप) जवानों को एक बार फिर से सफलता मिली है। जवानों ने सोमवार सुबह हुई मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों के शवों के साथ ही भारी मात्रा में ग्रेनेड लॉन्चर सहित अन्य हथियार बरामद किए हैं। नक्सली शहीदी सप्ताह मना रहे हैं। इसके दूसरे दिन 48 घंटों के दौरान बस्तर में 9 नक्सली ढेर हो चुके हैं। रविवार देर शाम जवानों ने जगदलपुर में सात नक्सलियों को मार गिराया था। फिलहाल, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
जानकारी के मुताबिक, यह मुठभेड़ कोंटा से लगभग 17 किमी दूर बालेंगतोंग और कन्नैगुड़ा के मध्य जंगल में सुबह 7 बजे शुरू हुई। डीआरजी जवानों ने अचानक से नक्सलियों के कैंप पर हमला बोल दिया। करीब एक घंटे चली इस गोलीबारी में दो नक्सली मारे गए। मारे गए नक्सलियों का शव बरामद कर लिया गया है, हालांकि उनकी अभी पहचान नहीं हो सकी है। जवान अभी मौके पर ही मौजूद हैं। उनकी सहायता के लिए और टीम रवाना की गई है। एसपी शलभ सिन्हा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।
Comment Now