बीजिंग. चीन की आर्थिक विकास दर (जीडीपी) अप्रैल-जून तिमाही में 6.2% रही। यह 27 साल में सबसे कम है। इससे कम ग्रोथ 1992 की जनवरी-मार्च तिमाही में दर्ज की गई थी। इस साल जनवरी-मार्च में ग्रोथ 6.4% रही थी। अमेरिका के ट्रेड वॉर की वजह से चीन की विकास दर में गिरावट आ रही है। चीन दुनिया की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश है। वहां के सांख्यिकी विभाग ने सोमवार को जीडीपी के आंकड़े जारी किए।
इस साल की पहली छमाही में चीन की जीडीपी ग्रोथ 6.3% दर्ज की गई है। इससे पहले शुक्रवार को चीन ने व्यापार के आंकड़े जारी किए थे। अमेरिका में आयात शुल्क की दरें ज्यादा होने की वजह से चीन के एक्सपोर्ट में गिरावट आई है। घरेलू मांग घटने की वजह से इम्पोर्ट भी घटा है। विश्लेषकों की नजर अब रोजगार के आंकड़ों पर है।
एक्सपर्ट के मुताबिक अमेरिका-चीन के बीच ट्रेड वॉर जारी रहा तो दुनियाभर में मंदी का खतरा है। जापान के मिजुहो बैंक के एशिया एंड ओसेनिया इकोनॉमिक्स हेड विष्णु वराथन का कहना है कि अप्रैल-जून तिमाही में चीन की कमजोर ग्रोथ का असर बाकी एशिया पर भी पड़ सकता है। चीन के एक्सपोर्ट के साथ ही इम्पोर्ट में गिरावट ज्यादा चिंता की बात है क्योंकि, एशिया के बाकी देशों के लिए चीन प्रमुख बाजार है।
Comment Now