ज्योतिष शास्त्र के अनुसार हर देवी-देवताओं के लिए अलग-अलग दिन और सप्ताह समर्पित है। शास्त्रों के अनुसार सोमवार को भगवान शंकर का दिन माना जाता है। यही कारण है कि इस दिन उनके पूजन और आराधना का खासा महत्व माना जाता है। इस दिन भगवान शिव के भक्त मंदिरों में विशेष पूजन और अनुष्ठान करवाते हैं। इस दिन शिव मंदिरों में भक्तों की बहुत भीड़ देखने को मिलती है। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि भारत में एक मंदिर ऐसा भी है, जहां सोमवार को नहीं बल्कि बुधवार को शिव की पूजा की जाती है। इतना ही नहीं, शिव के इस मंदिर को बुद्धेश्वर महादेव मंदिर के नाम से जाना जाता है। भोलेनाथ का यह मंदिर उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में मौजूद है।
लखनऊ में मौजूद भगवान भोलेनाथ का यह मंदिर काफी फेमस है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां सोमवार को नहीं बल्कि बुधवार को शिव की विशेष पूजा की जाती है। बुद्धेश्वर महादेव का यह मंदिर लखनऊ के मोहन रोड पर है। इस मंदिर को लेकर लोगों की मान्यता है कि इसकी स्थापना त्रेतायुग में भगवान श्रीराम के छोटे भाई लक्ष्मण ने की थी।
पौराणिक कथाओं के अनुसार, श्रीराम के आदेश पर लक्ष्मण अपनी भाभी सीता माता को वन में छोड़ने जा रहे थे। इस दौरान उन्हें माता सीता की सुरक्षा की चिंता हुई और उन्होंने इस स्थान पर भगवान शिव का ध्यान किया। लक्ष्मण के ध्यान से प्रसन्न होकर भगवान भोलेनाथ प्रकट हुए और उन्होंने लक्ष्मण को माता सीता के विराट स्वरूप का दर्शन करवाया। ऐसा कहा गया है कि, जिस दिन भगवान शिव ने लक्ष्मण को दर्शन दिए थे वह बुधवार का दिन था। इस दिन के बाद से इस मंदिर का नाम बुद्धेश्वर महादेव पड़ गया।
कथाओं के अनुसार मंदिर के पास ही बने एक कुंड में सीता माता ने अपने हाथ और पैर धोए थे। इसके बाद से ही उस कुंड को सीता कंड कहा जाने लगा। मंदिर में आने वाले सैकड़ों भक्त बुद्धेश्वर महादेव के दर्शन से पहले इस कुंड का पूजन जरूर करता है। बता दें कि, आमतौर पर शिव मंदिरों में सोमवार को भोलेनाथ की विशेष पूजा की जाती है। लेकिन बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार को शिव की विशेष आराधना की जाती है।
Comment Now