रायपुर . पूर्व मंत्री राजेश मूणत के फर्जी सीडी कांड से चर्चा में अाए भाजपा नेता प्रकाश बजाज के खिलाफ तेलीबांधा पुलिस ने रविवार को एक महिला से जमीन के सौदे के नाम पर धोखाधड़ी और उसे धमकाने का केस दर्ज कर लिया है। इस महिला ने पिछले महीने बजाज के खिलाफ छेड़छाड़ और चारसौबीसी की रिपोर्ट की थी। छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने बजाज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जहां से वह जमानत पर है। 35 साल की इसी महिला ने रिपोर्ट की थी कि 2016 में बजाज ने 40 लाख रुपए में भावना नगर के अपने मकान का सौदा किया था। इसके एवज में महिला से बयाने के तौर पर 10 लाख रुपए भी ले िलए, लेकिन न तो मकान दिया और न ही पैसे लौटाए। महिला ने अारोप लगाया था कि वह पैसों के लिए उसे अपने दफ्तर बुलाकर छेड़छाड़ और धमकी भी देता था।
तेलीबांधा थाने के इंस्पेक्टर नरेश पटेल ने बताया कि गायत्री नगर की इस महिला ने 2016 में अपने लिए मकान की तलाश शुरू की थी। उसने ब्रोकर मोहन होतवानी से संपर्क किया था। मोहन ने उसे भावना नगर का एक मकान दिखाया। महिला ने इसे पसंद भी कर लिया। यह मकान वीआईपी स्टेट कॉलोनी में रहने वाले भाजपा नेता बजाज का था। मकान पसंद अाने के बाद ब्रोकर ने महिला और बजाज की मुलाकात करवाई। उनमें मकान का 40 लाख रुपए में सौदा फाइनल हो गया। महिला ने कहा कि अभी उसके पास इतने पैसे नहीं है, तब बजाज ने कहा कि बयाने के तौर पर 10 लाख रुपए देने होंगे। बाकी के 30 लाख रुपए रजिस्ट्री से पहले फाइनेंस करवा दिए जाएंगे। इस अाधार पर महिला ने मोहन और एक अन्य व्यक्ति के सामने 10 लाख रुपए बयाना दे दिया।
दो साल से नहीं लौटाया बयाना : महिला ने शिकायत में कहा कि बयाना देते समय बजाज ने वादा किया था कि जैसे ही फाइनेंस होगा, वह बयाने की रकम लौटा देगा। लेकिन उसने कई महीने तक फाइनेंस नहीं करवाया। इसके बाद महिला ने बजाज से अपना बयाना वापस मांगा। उसका अारोप है कि पैसे के लिए बजाज उसे दो साल से घुमा रहा था। वह जब भी काॅल करती थी, बजाज उसे अपने अाॅफिस बुलवा लेता था। वहां से घर छोड़ने के बहाने उसने छेड़छाड़ भी की। पैसे को लेकर उसने कई बार धमकाया भी था। इसकी जांच के बाद पुलिस ने रविवार को बजाज के खिलाफ केस दर्ज किया और अारोपी की तलाश शुरू की लेकिन वह नहीं मिला।
Comment Now